सरगुजा

जूता नहीं खरीदने से नाराज 12 साल के बच्चे ने फांसी लगाई
18-Dec-2023 8:43 PM
जूता नहीं खरीदने से नाराज 12 साल के बच्चे ने फांसी लगाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 दिसंंबर। अंबिकापुर नगर से लगे कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम असोला में एक 12 वर्ष के बच्चे ने पिता के द्वारा जूता नहीं खरीदने से नाराज होकर फांसी लगा आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक ग्राम असोला बरगाह पारा निवासी विनोद बारगाह का 12 वर्षीय पुत्र रवि कक्षा आठवीं का छात्र था। तीन-चार दिनों से वह अपने पिता को जूता  खरीदने के लिए कह रहा था। पिता ने कहा था कि वह बाद में जूता खरीद देंगे। बार-बार जिद करने के बाद भी पिता के द्वारा जूता नहीं खरीदने पर नाराज छात्र ने आज गांव में ही अपने चाचा के घर जाकर रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।

उसे फांसी से उतार कर परिजन मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के द्वारा आत्महत्या के इस कदम से परिवार में मातम छाया हुआ है।  इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट