सरगुजा

सडक़ दुर्घटना, पानी में डूबने व आग से जलने से 5 की मौत
16-Dec-2023 8:29 PM
सडक़ दुर्घटना, पानी में डूबने व आग से जलने से 5 की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 दिसंबर। सरगुजा में सडक़ दुर्घटना में,पानी में डूबने,आग से जलने एवं साइकिल से गिर जाने के कारण पांच लोगों की मौत हो गई है।

जानकारी के मुताबिक अम्बिकापुर नमनाकला खटिकपारा निवासी मृतक राहुल मिश्रा पिता स्व पुरषोत्तम मिश्रा 25 वर्ष गत15 दिसम्बर की शाम करीब साढ़े 6 बजे दरिमा से अपने दोस्त साजिद के साथ मोटरसाइकिल से अम्बिकापुर की ओर आ रहा था, तभी चम्पा नाला दरिमा रोड में अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को ठोकर मारकर एक्सिडेंट कर दिया, जिसमें राहुल मिश्रा और उसके दोस्त साजिद को गंभीर चोट आने पर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां डॉक्टरों ने राहुल मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। घायल साजिद का उपचार चल रहा है।

दूसरी घटना में मासूम की मौत गड्ढे में भरे पानी में गिरने से हुई। अंबिकापुर नगर से लगे केपी अजिरमा बाबापारा निवासी आर्यन गिरी पिता संजय गिरी उम्र 3 वर्ष गत 15 दिसंबर को दोपहर घर के पास स्थित बोरिंग के पास खेलने के दौरान आर्यन बाजू में स्थित गड्ढे में भरे पानी में गिर गया था, काफी देर तक घर नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन की। परिजनों ने देखा पानी में वह डूबा हुआ है जिसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे ,जहां डॉक्टरों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया।

तीसरी घटना में आदित्य कुमार पिता तपन कुमार (9 वर्ष) सोनामति नेहरू कॉलोनी चिरमिरी निवासी की मौत साइकिल से गिरने से गंभीर चोट लगने से हुई। मृतक के पिता तपन ने बताया कि 15 दिसंबर की शाम 4 बजे उसका लडक़ा स्कूल से आया और साइकिल से घूम कर आता हूं,बोलकर चला गया था। वहीं कुछ देर बाद पड़ोसी अंशुमान पनिका ने घर आकर बताया कि आपका लडक़ा आदित्य कालापानी के पास में रोड में साइकिल चलाते गिर गया है जिसे चोट आने पर स्वास्थ्य केंद्र चिरमिरी ले जाकर भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे तत्काल बैकुंठपुर अस्पताल रेफर किया ,जहां से रेफर कर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर भर्ती कराया गया,जहां शनिवार को उपचार दौरान आदित्य की मौत हो गई।

चौथी घटना में कविता पिता मानसाय (22 वर्ष) बरडीह धौरपुर निवासी की मौत आग से जलने से हुई। मृतिका युवती के पिता मानसाय ने बताया कि गत 14 दिसंबर को सपरिवार घर पर थे और घर में दूसरी तरफ उसकी बेटी कविता आग ताप रही थी, आग तापते  समय वह अचानक जल गई थी और चिल्लाने की आवाज सुनकर  परिजन ने तत्काल आग को जैसे तैसे बुझाकर निजी वाहन से इलाज हेतु उसे धौरपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार दौरान बीती रात कविता की मौत हो गई।

पांचवीं घटना में अंबिकापुर एमजी रोड निवासी बिरम बाई पति स्व. श्याम कुमार की मौत पीजी कॉलेज के  पास वाहन की ठोकर सेहुई। मृतिका के पोते विक्की मरकाम ने बताया कि गत 15 दिसंबर की रात लगभग 9 बजे चाचा गोविंद ने फोन करके बताया कि पीजी कॉलेज के पास पैदल रोड क्रास करने के दौरान अज्ञात पिकअप वाहन चालक ने  ठोकर मार दिया जिससे बिरम बाई को गंभीर चोट आई, उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।


अन्य पोस्ट