सरगुजा
अब यहाँ के छात्र देशभर में कहीं भी कर सकेंगे प्रैक्टिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 दिसंबर। राजीव गाँधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर के विधि विभाग को बार कॉउन्सिल ऑफ़ इण्डिया द्वारा मान्यता दिए जाने पर महाविद्यालय परिवार द्वारा मिठाई बाँटकर व केक काटकर उत्सव मनाया गया।
ज्ञात हो कि पीजी कॉलेज अम्बिकापुर में विधि स्नातक की पढ़ाई वर्ष 1972 से संचालित है। महाविद्यालय द्वारा विधि स्नातक पाठ्यक्रम की बीसीआई से सम्बद्धता हेतु वर्षों से प्रयास किया जा रहा था। वर्ष 2014 से इस हेतु अथक प्रयास जारी थे, किन्तु सरगुजा विश्वविद्यालय की स्थापना के पश्चात विश्वविद्यालय के बार काउन्सिल ऑफ़ इण्डिया से सम्बद्ध नहीं होने के कारण मान्यता मिलने में अड़चन आ रही थी। वर्ष 2016 में पहली बार सरगुजा विश्वविद्यालय द्वारा बीसीआई से संबद्धता हेतु आवेदन किया गया था।
इसी क्रम में इसी वर्ष महाविद्यालय द्वारा बी.सी.आई. को बकाया फ़ीस का साढ़े चौबीस लाख का भुगतान किया गया, जिसके बाद मान्यता का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसी क्रम में बीसीआई की टीम द्वारा जून 2019 में तथा जुलाई 2023 में दो बार विधि विभाग का निरीक्षण किया गया था। इसके पूर्व भी कई बार बीसीआई द्वारा निरीक्षण का समय दिया, किन्तु अन्तिम समय पर निरीक्षण को टाल दिया जाता था।
जुलाई 2023 में निरीक्षण के पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा बीसीआई से नियमित सम्पर्क कर अपेक्षित सभी आवश्यक दस्तावेजों को भेजा गया। बार काउन्सिल ऑफ़ इण्डिया की मान्यता समिति द्वारा गहन निरीक्षण के उपरांत अंतत: 14 दिसम्बर को विधि विभाग अम्बिकापुर अंतर्गत संचालित विधि स्नातक पाठ्यक्रम को मान्यता संबंधित पत्र जारी किया गया।
मान्यता मिलने की ख़ुशी को विधि विभाग परिसर में प्राचार्य, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, विभाग के अध्यापकों व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में केक काटकर मनाया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रिज़वान उल्ला, विधि विभाग के विभागाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, स्वशासी परीक्षाएँ नियंत्रक डॉ. राजकमल मिश्रा, डॉ. रमेश जायसवाल, डॉ. अनिल सिन्हा, माधवेन्द्र तिवारी, डॉ. एस के श्रीवास्तव, डॉ. महेंद्र मौर्य, डॉ. मिलेन्द्र सिंह, डॉ. तरुण राय, पंकज अहिरवार, देव प्रकाश दुबे, पूनम सोनवानी, मोहन कश्यप सहित विधि विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा मिठाई बाँटकर और केक काटकर खुशियाँ मनाई गईं।