सरगुजा

ऑटो को छोटा हाथी ने मारी टक्कर, मासूम की मौत,मां जख्मी
14-Dec-2023 9:19 PM
ऑटो को छोटा हाथी ने मारी टक्कर, मासूम की मौत,मां जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,14 दिसंबर।
छोटा हाथी वाहन के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ऑटो को ठोकर मार दी। ऑटो में बैठी मां सडक़ पर जा गिरी और उसकी गोद से 4 माह का बेटा छिटककर अलग हो गया। गंभीर स्थिति में दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पत लाया गया, जहां मासूम की मौत हो गई। मां को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कुंवरपुर लखनपुर निवासी अमास बड़ा पिता संतु बड़ा (4 माह) के चाचा मन्तु बड़ा ने बताया कि 13 दिसंबर की दोपहर 3 बजे गांव के विकास खैरवार ने मोबाइल पर सूचना दी कि उसका भतीजा का ग्राम जूनाडीह में रोड में एक्सीडेंट हो गया है, जिसे लखनपुर अस्पताल ले जा रहे हैं। 

सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

 पूछताछ में पता चला कि मासूम को गोदी में लेकर उसकी मां गंगोत्री बाई ऑटो से लखनपुर बाजार जा रही थी, तभी छोटा हाथी वाहन के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार एक्सीडेंट कर दिया था। सडक़ पर गिरी मां की गोद से मासूम छिटककर अलग हो गया। दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।


अन्य पोस्ट