सरगुजा

किराए में रहकर करते थे दुपहिया चोरी
11-Dec-2023 7:30 PM
किराए में रहकर करते थे दुपहिया चोरी

अंतरराज्यीय आरोपी सहित 4 गिरफ्तार, 8 बाइकें बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 11 दिसंबर। सरगुजा पुलिस ने दुपहिया चोरी के एक अंतरराज्यीय आरोपी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से शहर से चोरी की गई 8 दुपहिया वाहन बरामद किया। जब्त बाइकों की कीमती लगभग 8 लाख रुपये है। सिहोर मध्यप्रदेश निवासी गिरफ़्तार आरोपी राहुल पूर्व में धोखाधड़ी के मामलो में जेल जा चुका है। 

कार्रवाई में थाना गांधीनगर क्षेत्र से चोरी हुए 2 मोटरसायकल, थाना अम्बिकापुर क्षेत्र से चोरी हुए 3 मोटरसायकल एवं थाना मणीपुर क्षेत्र से चोरी हुई 3 मोटरसायकल को बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि ठनगनपारा स्कूल रोड निवासी शुभम शर्मा ने थाना गांधीनगर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 नवंबर को वह पीजी कॉलेज स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में बास्केटबॉल खेलने गया हुआ था। अपने वाहन होंडा ड्रीम युगा को बास्केटबॉल ग्राउंड के बाहर खड़ा किया था। जब वह खेल कर वापस आया तो  उसकी मोटरसाइकिल अपने खड़े स्थान पर नहीं थी।

थाना गांधीनगर ने मामले में धारा 379 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग के सतत मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्देशन में शहर में दुपहिया वाहन चोरी के मामले में विशेष टीम का गठन कर आरोपियों का पता तलाश कर गिरफ्तार करने के दिशा निर्देश दिए गये थे। 

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में थाना गांधीनगर पुलिस टीम द्वारा साइबर सेल से आवश्यक तकनिकी जानकारी प्राप्त कर घटना में शामिल आरोपियों के सम्बन्ध में मुखबिर को सतर्क किया गया था एवं पुलिस टीम के सदस्य आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों पर लगातार पैनी नजर रखे हुए थे।

थाना गांधीनगर पुलिस टीम को मामले में मुखबिर से सूचना मिली कि सिहोर मध्यप्रदेश निवासी राहुल विश्वकर्मा शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में घर बदल-बदल कर निवास कर मोटरसायकल चोरी करने हेतु आस-पास के लडक़ों को अपने साथ में लेकर मोटरसायकल चोरी कर रहा है।

पुलिस टीम द्वारा उक्त युवक की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया। आरोपी द्वारा अपना नाम राहुल विश्वकर्मा उम्र 26 वर्ष निवासी बरछापुर सिहोर मध्यप्रदेश हाल मुकाम कृष्णा नगर कॉलोनी भगवानपुर थाना गांधीनगर का होना बताया।
 
आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से मोटरसायकल चोरी कर दीगर राज्य मध्यप्रदेश में बेचने के लिए चोरी करना स्वीकार किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के सम्बन्ध में अन्य जानकारियां प्राप्त कर आरोपियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई। 

आरोपियों द्वारा अपना नाम सोनू किर्तनिया (24 वर्ष) डिगमा थाना गांधीनगर,  मनबोध राम उर्फ एलेक्स पैकरा (24 वर्ष) बफौली थाना अम्बिकापुर हा.मु. नमनाकला थाना गांधीनगर, गोपी विश्वास (35 वर्ष) सिलफिली थाना जयनगर हा.मु. बौरीपारा थाना अम्बिकापुर का होना बताया। 

आरोपियों की निशानदेही पर 8 मोटरसायकल बरामद किये गए हैं। आरोपियों द्वारा घटना करना स्वीकार किये जाने अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया हैं। मामले का मुख्य आरोपी राहुल पूर्व में धोखाधड़ी एवं अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुका हैं।


अन्य पोस्ट