सरगुजा

बृहस्पति सिंह को पार्टी से तत्काल निलंबित करने की मांग
09-Dec-2023 9:54 PM
बृहस्पति सिंह को पार्टी से तत्काल निलंबित करने की मांग

पीसीसी महामंत्री एवं सरगुजा जिला अध्यक्ष ने लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 दिसंबर। रामानुजगंज के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह के द्वारा अमर्यादित बयानबाजी को लेकर पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्र एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  दीपक बैज के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को प्रेषित पत्र में यह मांग की है कि बृहस्पति सिंह को पार्टी से तत्काल निलंबित किया जाये। वे मानसिक संतुलन खोकर लगातार अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर बयान दे रहे हंै। वे आदतन अमर्यादित बयान देते हैं और पार्टी की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं। उनके इस प्रकार के बयानबाजी के कारण कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है। ऐसे में तत्काल उन्हें निलंबित कर पार्टी के बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।

चुनाव पूर्व से ही बृहस्पत सिंह लगातार पार्टी फोरम के बाहर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर प्रेस एवं मीडिया के सामने आधारहीन और अपमानजनक शब्दावली में आरोप लगाते रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जो कि एक महिला हैं के विरुद्ध उनके द्वारा जिस प्रकार से अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए आरोप लगाया गया है,उससे पार्टी के अंदर काफी आक्रोश व्याप्त हैं।

बृहस्पति सिंह के बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन मलकीत सिंह गैदू ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जिसका जवाब 3 दिनों के अंदर देना है। किंतु पार्टी के कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता इससे संतुष्ट नहीं है। उन्होंने पूर्व विधायक वृहस्पति सिंह के पार्टी से तत्काल निलंबन की मांग की है।


अन्य पोस्ट