सरगुजा
जीत के बाद ही माला पहनने का किया था प्रण, भारत माता को माल्यार्पण के बाद टोप्पो ने पहनी माला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 5 दिसंबर। ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी पूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो ने बतौली स्थित भारत माता मंदिर से रविवार देर रात विजय रैली की शुरुआत की। भारत माता को माल्यार्पण के बाद रामकुमार टोप्पो ने कार्यकर्ताओं से जीत की माला पहनी। रामकुमार टोप्पो ने कहा था चुनाव जीतने के बाद ही माला पहनूंगा।
रामकुमार टोप्पो ने बतौली के भारत माता मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद तीन माह पूर्व तिरंगा यात्रा निकाली थी। चार सितम्बर को सेना से इस्तीफा देने के बाद बतौली से तिरंगा यात्रा निकाल कर राजनीतिक जीवन मे प्रवेश किया था। तिरंगा यात्रा में हजारों की जनसमूह शामिल हुआ था।
चुनाव में ऐतिहासिक मतों से विजयी होकर रविवार देर रात 10 बजे भारत माता मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और अपने कार्यकर्ताओं को जो हजारों की संख्या में बगीचा चौक स्थित भारत माता मंदिर में इंतजार कर रहे थे, उन्हें सम्बोधित करते हुए रामकुमार टोप्पो ने कहा-यह आप सभी कार्यकर्ताओं की जीत है। कांग्रेस के आतंक और घोटालों, जमीन दलालों को सत्ता से दूर कर दिया आप सबने। सही मायनों में देखा जाए तो आजादी के बाद सीतापुर विधानसभा अब आजाद हुआ है।
जय श्रीराम, भारतमाता की जय,मोदी जिंदाबाद के नारे लगते रहे
रामकुमार टोप्पो के बतौली आगमन पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़ कर और मिठाई बांट कर खुशियां मनाई। रामकुमार टोप्पो के विजयी रैली के दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय, मोदी जिंदाबाद के नारे लग रहे थे। हजारों की भीड़ में उपस्थित कार्यकर्ता रामकुमार टोप्पो को बधाई देने,माल्यार्पण के लिए काफी उत्साहित थे।
सुरक्षा के लिए काफी जद्दोजहद
अचानक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने सुरक्षा के लिए मौजूद पुलिस कर्मियों को परेशानी में डाल दिया। कार्यकर्ता और आम जनता रामकुमार टोप्पो के स्वागत के लिए उमड़ पड़े। सभी बधाई देने एकसाथ उमड़ पड़े, जिससे पुलिस के जवानों को मशक्कत करते देखा गया।
काफी जद्दोजहद के बाद पास के एक बोलेरो में बैठाया गया, तब भी कार्यकर्ताओं ने वाहन को घेर कर स्वागत और बधाई के लिए प्रयास करता रहे।
लगभग एक घंटे तक आपाधापी की स्थिति रही। आम जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था।
रात दो बजे तक बधाई स्वीकारते रहे नए विधायक
बतौली से रवानगी के बाद सीतापुर तक जगह-जगह कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में अपने नए विधायक के स्वागत के लिए सडक़ पर देर रात तक खड़े रहे। रात दो बजे तक सीतापुर में कार्यकर्ता बधाई देते रहे और जीत का जश्न मनाते रहे।