सरगुजा

खाना नहीं बनाने पर डंडा मारकर पत्नी की हत्या, 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार
01-Dec-2023 8:41 PM
खाना नहीं बनाने पर डंडा मारकर पत्नी की हत्या, 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 दिसंबर।
बतौली पुलिस ने पत्नी की हत्या करने के मामले में आरोपी पति को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि खाना नहीं बनाने की बात पर नाराज होकर आरोपी पति द्वारा आवेश में आकर डंडे से पिटाई कर पत्नी की हत्या कर दी थी,जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी कुंवर साय कोरवा बासाझाल मांझापारा ने बतौली थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई सुखदेव कोरवा एवं उसकी पत्नी संतरी बासाझाल में निवास करते हैं। गत 29 नवंबर की शाम को प्रार्थी का भाई सुखदेव अपनी पत्नी को आग जलाकर खाना बनाने के लिए बोला, पर पत्नी आग नही जलाई और खाना नहीं बनाई। 

इस बात पर सुखदेव नाराज होकर आवेश में आकर अपनी पत्नी संतरी को डंडा से मारपीट कर गंभीर चोट कारित किया था, जिससे संतरी की 30 नवंबर को भोर में मृत्यु हो गयी हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बतौली मे अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने आरोपी सुखदेव कोरवा उम्र 32 वर्ष साकिन बासाझाल मांझापारा थाना बतौली को हिरासत में लेकर घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किया गया। उसने खाना बनाने की बात को लेकर विवाद होने पर आवेश में आकर अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया।

आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया है।


अन्य पोस्ट