सरगुजा

गुरुनानक जयंती पर शबद कीर्तन, हजारों लोगों ने मत्था टेका, लंगर में किया प्रसाद ग्रहण
27-Nov-2023 9:59 PM
गुरुनानक जयंती पर शबद कीर्तन, हजारों लोगों ने मत्था टेका, लंगर में किया प्रसाद ग्रहण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 27 नवंबर। गुरुनानक जयंती पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा अंबिकापुर में सुबह 11 बजे से विशेष कीर्तन दरबार आयोजित किया गया। प्रकाश पर्व को लेकर अंबिकापुर नगर में परंपरानुसार 25 नवंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। 

आज गुरुनानक जयंती के उपलक्ष में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में रागी जत्था दविंदर सिंह द्वारा शबद कीर्तन किया गया ततपश्चात गुरु नानक की जीवनी पर अमनदीप सिंह छाबड़ा, ममता विश्वकर्मा, मिनी अरोरा, सरदार जितेंद्र सिंह सोढ़ी द्वारा प्रकाश डाला गया।

दशमेश पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्त्री सत्संग एवं एकमजोत सिंह भामरा द्वारा शब्द कीर्तन कर संगत को निहाल किया गया। पारंपरिक तरीके से गुरु नानक जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार रघुवीर सिंह छाबड़ा ने समस्त साध संगत को गुरु पर्व की शुभकामनाएं दी है।

कार्यक्रम का संचालन सरदार नरेंद्र सिंह भामरा ने किया। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। लंगर में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। रात 8 बजे से विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के करीब 100 बच्चों के द्वारा शब्द कीर्तन, कविताओं, कथा के द्वारा गुरु जी के उपदेशों पर अपने विचार दिए गए। रात 11. 30 बजे कार्यक्रम का समापन भव्य आतिशबाजी के साथ किया गया। पूरे आयोजन में गुरुद्वारा के मीडिया प्रभारी सरदार जितेंद्र सिंह सोढ़ी और सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा रिंकू मौजूद थे।


अन्य पोस्ट