सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,25 नवंबर। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय केशवपुर में संविधान दिवस मनाया गया।
विद्यालय के प्राचार्य संतोष साहू ने 26 नवंबर का महत्व बच्चों को समझाते हुए कहा कि इसका मकसद देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। हालांकि भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था, जिसे हम प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं।
व्याख्याता अंचल कुमार सिन्हा ने संविधान दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा इस दिन को देश राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में भी मनाता है। उन्होंने कहा कि संविधान ही है, जो अलग-अलग धर्म एवं जातियों को एक साथ जोड़ता है। भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जिसे तैयार करने में 2 वर्ष 11 माह 18 दिन लगे थे। यह 26 नवंबर 1949 को पूरा हुआ था।
व्याख्याता सतीश भाई पटेल ने बच्चों को हिंदी में तथा व्याख्याता कुमारी आयुषी गुप्ता ने अंग्रेजी में संविधान के उद्देशिका का पठन कराया एवं महत्व बतलाया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिका और बच्चों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।