सरगुजा

सूने घर से नगदी सहित ढाई लाख पार
21-Nov-2023 8:21 PM
सूने घर से नगदी सहित ढाई लाख पार

परिवार छठ पूजा के लिए गया था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 नवंबर।
शहर के घुटरापारा अयोध्यापुरम में चोरों ने पुन: एक सूने में चोरी की। बीस नवंबर को सब्जी विक्रेता परिवार घर में ताला लगा उगते सूर्य को अघ्र्य देने छठ घाट गया हुआ था, जब तक वे वापस लौटते चोरों ने तीन घंटे के भीतर ही ताला तोड़ नगद करीब 30 हजार रूपए और करीब ढाई लाख रुपए मूल्य का सोने-चांदी का आभूषण पार कर दिया। 

मकान मालिक जगदीश प्रसाद गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार में भी छठ व्रत किया गया था। सोमवार को वे घर में ताला लगा परिवार सहित उगते सूर्य को अघ्र्य देने प्रात: 4 बजे श्याम घुनघुट्टा बांध गये थे, 7 बजे वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा और आलमारी, दीवान सहित अन्य सामान बिखरा हुआ पाया। जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखा 30 हजार रूपए और सोना-चांदी के जेवर गायब हैं।  पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज किया है। मोहल्ले में लगे सीसी टीवी कैमरे में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं, पुलिस द्वारा इस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट