सरगुजा

मैनपाट पीटीएस में पदस्थ प्रधान आरक्षक के पैतृक घर में चोरी
21-Nov-2023 8:18 PM
मैनपाट पीटीएस में पदस्थ प्रधान आरक्षक के पैतृक घर में चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 नवंबर।
मैनपाट पीटीएस में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक के पैतृक घर में चोरों ने धावा बोलकर घर से नगदी व घरेलू सामानों की चोरी कर ली।

 बतौली के शांतिपारा के रहने वाले प्रधान आरक्षक हरीश शिवानी वर्तमान में पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र मैनपाठ में पदस्थ हंै तथा पीटीएस में ही बने मकान में अपनी मां के साथ निवासरत हंै। पिता के निधन के बाद से प्रधान आरक्षक द्वारा अपने पैतृक आवास को किराये पर दिया गया है। दीपावली व फिर चुनाव के बाद अवकाश होने के कारण कोई भी किरायेदार शांतिपारा स्थित घर में 17 नवम्बर से नहीं था। 

20 नवम्बर को प्रधान आरक्षक को शांतिपारा में उसके घर के पास रहने वाले पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि घर का दरवाजा खुला हुआ है, जिस पर हरीश शिवानी ने अपने रिश्तेदारों को घर देखने के लिए भेजा। रिश्तेदारों ने घर के ताले टूटे होने व घर से सामान चोरी होने की जानकारी दी। 

इस सूचना पर प्रधान आरक्षक खुद घर पहुंचा तो देखा कि घर का तीन बड़ा व दो छोटा ताला टूटा हुआ था घर से 32 इंच के एलईडी टीवी, सेटअप बाक्स, एयर बेड, सामान रखने का स्टैंड, दसवीं, बारहवीं तथा बीएससी की अंकसूची सहित दुकान के गल्ले से 2 हजार व घर के भीतर की अलमारी से 5 हजार रूपये नगद गायब था। बतौली पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है।


अन्य पोस्ट