सरगुजा

नदी सिर्फ नदी नहीं, एक संस्कृति है और इस संस्कृति को कचरा फेंकने वालों से खतरा-विजय सोनी
05-Nov-2023 9:09 PM
नदी सिर्फ नदी नहीं, एक संस्कृति है और इस संस्कृति को कचरा फेंकने वालों से खतरा-विजय सोनी

महामाया छठ सेवा समिति एवं अनोखी सोच संस्था ने शंकर घाट बांक नदी में किया श्रमदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 5 नवंबर। नदी सिर्फ नदी नहीं, एक संस्कृति है और इस संस्कृति को खतरा उसमें कचरा फेंकने वालों से हमेशा रहता है। शहर के विभिन्न नदी तालाबों में हो भी यही रहा है। उक्त बातें महामाया सेवा समिति के अध्यक्ष विजय सोनी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

हर वर्ष छठ महापर्व से पहले शंकर घाट स्थित छठ घाट (बांक नदी) की साफ सफाई महामाया छठ सेवा समिति के द्वारा की जाती है। विगत वर्ष की तरह इस बार भी नगर की अनोखी सोच संस्था ने इस पुनीत कार्य के लिए अपने हाथ बढ़ाए। हाथ से हाथ मिले और जो काम 5 दिनों में होना था वह महज 4 घंटे में समर्पित सेवा भाव के कारण हो गया। चार  घंटे नदी व उसके आसपास के क्षेत्र में श्रमदान करते हुए कई ट्रैक्टर कचरा बाहर निकाला गया।

संस्था के सभी सदस्यों ने जिस तरीके से मेहनत की, वह उनके समर्पित सेवा भाव को बताती है। कई जगह देखा जाता है कि अक्सर लोग श्रमदान का कार्य सिर्फ फोटो खिंचवाने तक ही सीमित रखते हैं, परंतु रविवार को शंकर घाट स्थित छठ घाट में श्रमदान का एक अलग ही रूप देखने को मिला। श्रमदान में लगे जितने भी लोग थे उनका ध्यान सिर्फ और सिर्फ वहां की गंदगी को समाप्त कर उसे साफ सुथरा करने की ओर था।

सुबह 10 बजे से श्रमदान का काम शुरू हुआ, जो दोपहर 2 बजे तक अनवरत चलता ही रहा। इस श्रमदान के बाद शंकर घाट छठ घाट की स्थिति पहले से बिल्कुल ही अलग नजर आने लगी। जिस तरह से नदी के अंदर और उसके किनारे कचरे का अंबार था, उसे महामाया सेवा समिति व अनोखी सोच के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने मेहनत कर साफ कर डाला। इनके अलावा शहर के कई युवा भी इस पुनीत कार्य में लगे रहे।

इस दौरान महामाया छठ सेवा समिति के अध्यक्ष विजय सोनी, अनोखी सोच संस्था के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश साहू, पंकज चौधरी, महामाया छठ सेवा समिति की ओर से संजीव मंदिलवार, सूटन सिंह, पप्पू ठाकुर, सनी कुशवाहा, कृष्णा, सौरभ दुबे, कार्तिकेय सोनी, यशवर्धन सिंह, आदित्य सिंह, अंजनी दुबे, कुणाल साहू ,गौतम, करण सिंह,शुभम् जायसवाल, अनोखी सोच संस्था से दिनेश गर्ग, पवन पांडेय,भोला रक्सेल, संतोष साहू ,संजू चटर्जी, गोपी साहू, बनाफर राम, सुनील साहू, नीरज साहू,मोनू सहित भारी संख्या में  संस्था के सदस्य सहित उत्साही युवा मौजूद थे।


अन्य पोस्ट