सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 नवंबर। विधानसभा चुनाव में रोटी पार्टी के उम्मीदवार अनिल श्रीवास्तव को निर्वाचन अधिकारी ने 2 नवंबर की शाम को उगता सूरज छाप जारी किया, इसके कुछ घंटे बाद चुनाव चिन्ह को बदल दिया गया है और एयर कंडीशनर छाप जारी किया गया है।
अनिल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि ऐसा दोनों प्रमुख पार्टी के नेताओं के दबाव में निर्वाचन अधिकारी ने किया है। वहीं रिटर्निंग ऑफिसर और अनुविभागीय अधिकारी पूजा बंसल ने कहा कि उन्होंने अपने हस्ताक्षर से एयऱ कंडीशनर छाप जारी किया है क्योंकि उगता सूरज क्षेत्रीय राजनीतिक दलों का चिन्ह है।
अनिल श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि उन्हें 2 नवंबर की रात को एसडीएम पूजा बंसल ने फोन किया और और अपने दफ़्तर बुलाया। जहां कहा कि आपको अब एयर कंडीशनर छाप जारी किया जा रहा है, यहां हस्ताक्षर करें लेकिन मैंने हस्ताक्षर करने से इंकार किया और दफ़्तर से बाहर आ गया। इसके बाद उन्होंने कुछ कर्मचारियों को मुझे बुलाने बाहर भेजा, लेकिन नहीं गया, जबकि इससे पहले शाम को मुझे उगता सूरज चिन्ह जारी किया गया था, जिसके रजिस्टर में मैंने हस्ताक्षर किया था।
ज्ञात हो कि जनसंपर्क विभाग से अनिल श्रीवास्तव को उगता सूरज छाप जारी होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन 3 नवंबर को दूसरा समाचार जारी किया गया जिसमें एयर कंडीशनर चिन्ह जारी होना बताया गया है।