सरगुजा

हाईकोर्ट से सीतापुर भाजपा प्रत्याशी के जाति प्रमाण-पत्र के जांच का आदेश
20-Oct-2023 1:47 PM
हाईकोर्ट से सीतापुर भाजपा प्रत्याशी के जाति प्रमाण-पत्र के जांच का आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अक्टूबर।
सरगुजा संभाग के सीतापुर विधानसभा सीट पर पेचिदिगियां बढ़ती जा रही है। एक और कांग्रेस के कद्दावर नेता अमरजीत भगत मैदान में है, वहीं दूसरी और भाजपा के युवा नेता रामकुमार टोप्पो को मैदान में उतारा है। उरांव समाज के कुछ लोगों द्वारा रामकुमार टोप्पो के जाति प्रमाण पत्र की जांच की मांग करते हुए पिछले 16 अक्टूबर को हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। 

टोप्पो के अधिवक्ता का कहना है कि हाईकोर्ट ने रायगढ़ कलेक्टर को जांच का आदेश जारी किया है। 

उल्लेखनीय है कि भाजपा के ही कार्यकर्ता बिहारीलाल तिर्की एवं अन्य ने छत्तीसगढ़ शासन, कलेक्टर रायगढ़, एसडीएम लैलूंगा समेत अन्य को पार्टी बनाते हुए रामकुमार टोप्पो के वर्ष 2023 में जारी जाति प्रमाण पत्र की जांच के लिए हाईकोर्ट के अधिवक्ता दिलमन मिंज के माध्यम से याचिका प्रस्तुत की थी। 

अधिवक्ता मिंज ने बताया कि टोप्पो को वर्ष 2017 एवं 2023 में जाति प्रमाण पत्र जारी किया गया है। विधिक नियमों के तहत पिता की जाति के अनुसार वांछित दस्तावेजों के प्रमाणीकरण के बाद जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। यदि पिता से संबंधित दस्तावेज न हों तो ग्राम पंचायत के प्रस्ताव के आधार पर उल्लेखित जाति से राजस्व अधिकारी द्वारा जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाता है।

हाईकोर्ट में दायर याचिका के अनुसार रामकुमार टोप्पो को वर्ष 2023 में जो जाति प्रमाण पत्र जारी किया गया है उसमें लैलूंगा तहसील अंतर्गत जामबहार ग्राम पंचायत द्वारा जारी ग्रामसभा प्रस्ताव में उनकी जाति का उल्लेख नहीं है। उसमें केवल जाति प्रमाण पत्र जारी करने की अनुशंसा की बात कही गई है। जबकि ग्रामसभा के प्रस्ताव में जाति का स्पष्ट उल्लेख होना अनिवार्य है जिसके बाद ही राजस्व अधिकारी जाति प्रमाण पत्र जारी कर सकते हैं।

सरगुजा भाजपा के जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेताओं के द्वारा हर गतिविधि की मॉनिटरिंग की जा रही है। फिलहाल पार्टी ने रामकुमार टोप्पो को प्रत्याशी घोषित किया है जो क्षेत्र में प्रचार प्रसार कर रहे हैं। तय तिथि में वे नामांकन दाखिल करेंगे।

 


अन्य पोस्ट