सरगुजा

नाकाबन्दी कर मोबाइल चेक पोस्ट के माध्यम से की जा रही कार्रवाई
17-Oct-2023 8:40 PM
नाकाबन्दी कर मोबाइल चेक पोस्ट के माध्यम से की जा रही कार्रवाई

  2218 प्रकरणों में पौने 9 लाख जुर्माना वसूला  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 अक्टूबर। जिले में आदर्श आचार संहिता के लागू होने से पूर्व से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था हेतु जिले के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी की व्यवस्था कर मोबाइल चेक पोस्ट के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया था।

 वर्तमान में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज  अंकित गर्ग  के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्देशन में जिले के सभी मोबाइल चेक पोस्ट पर कड़ाई से वाहनों की जाँच कर जिले मे प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सुरक्षा जांच के दौरान मालवाहक वाहनों सहित चारपाहिया वाहनों एवं दोपहिया वाहनों की सघन जांच सरगुजा पुलिस द्वारा की जा रही है एवं वाहन जांच के दौरान यातायात के नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत देकर सख्त चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

सरगुजा पुलिस द्वारा आदर्श आचार संहिता लागू होने के पश्चात से अभी तक की स्थिति में सम्पूर्ण जिले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 2218 प्रकरण मे 872400/- रुपये की समन शुल्क वाहन चालकों से वसूल की गई है।

 जिला मुख्यालय के चौक चौराहों सहित सभी मोबाइल चेक पोस्ट मे सरगुजा पुलिस द्वारा लगातार कड़ाई से सुरक्षा जांच की जा रही है। इस दौरान यातायात के नियमो का पालन नहीं किये जाने पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा आमनागरिकों से यातायात के नियमो का पालन करने एवं सुरक्षा जांच मे सहयोग करने की अपील की गई है। जिले के सभी मोबाइल चेक पोस्ट को यातायात के नियमों का कड़ाई से पालन कराने एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट