सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 7 अक्टूबर। सत्रह सालों तक रहे नंगे पांव रहे सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिंह सिसोदिया ने सात साल बाद पुन: समसामयिक मांगों को लेकर सत्याग्रह के लिए पुन: नंगे पाव रहने का संकल्प लिया है।
शनिवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राजेश सिंह सिसोदिया ने कहा उनकी मांग है कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ में सबको एक सी शिक्षा मिले। दोहरी शिक्षा प्रणाली के कारण आने वाले समय में हम दो तरह के छत्तीसगढ़ देखेंगे जो भेदभाव पूर्ण से परिपूर्ण होंगे। अत: ऐसी शिक्षा प्रणाली लागू की जाए, जिसमें महंगे स्कूलों को लोग स्वमेव अलविदा बोल दें। सरगुजा जिले में भू राजस्व संहिता अधिनियम 66 के प्रावधानों के मुताबिक भूमि का पुन: व्यवस्थापन बंदोबस्त किया जाए। गैर जवाबदेह राजस्व विभाग की जवाबदारी तय हो। बीते वर्षों में पटवारी राजस्व निरीक्षकों द्वारा धारित चल अचल संपत्तियों में आश्चर्यजनक वृद्धि हुई है। इनकी जवाबदेही कहीं तय नहीं हो पाती है।
सरगुजा संभाग के मंत्रियों के निजी स्टाफ में संलग्न कर्मचारियों की अनुपातहीन संपत्ति व नगदी की जांच हो। हमर हसदेव में पढ़ाई, कमाई और दवाई की व्यवस्था अदानी प्रबंधन व जिला प्रशासन सुनिश्चित करें। राजनीतिक दल गरीबों को नेतृत्व दें।
श्री सिसोदिया ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों में अपने कार्य सूची में गरीबों को प्राथमिकता देने की बात आजादी के बाद से आज तक की, लेकिन इन दलों ने गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे लोगों को नेतृत्व नहीं दिया। इस संबंध में अंतिम पत्र राजनीतिक दल प्रमुखों को 18 अगस्त 2023 को लिखा गया था, अंतिम पत्र में कार्रवाई नहीं होने पर उनके द्वारा नंगे पांव होने की बात कही गई थी। इसके अलावा एसईसीएल में फर्जी नाम ,फर्जी पहचान ,व फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी पर लगे लोगों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।
पुलिस व न्यायपालिका पर अपनी पुस्तक ‘वॉकिंग विद द कॉमरेड’ प्रतिकूल टिप्पणी करने वाली लेखिका अरुंधति राय के ऊपर राष्ट्रदोह का मामला दर्ज हो। इन सभी बिंदुओं को लेकर श्री सिसोदिया ने कहा कि आचार संहिता के बाद वह धरना प्रदर्शन सहित अन्य प्रक्रियाओं से आवाज उठाते रहेंगे।