सरगुजा

प्रधानमंत्री की महिला आरक्षण को लेकर नीयत साफ नहीं-लक्ष्मी गुप्ता
29-Sep-2023 8:23 PM
प्रधानमंत्री की महिला आरक्षण को लेकर  नीयत साफ नहीं-लक्ष्मी गुप्ता

  विरोध में जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 सितंबर। महिला आरक्षण बिल को लेकर नीयत साफ नहीं होने का आरोप लगाते हुए जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस लक्ष्मी गुप्ता के नेतृत्व में एक दिवसीय जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में लक्ष्मी गुप्ता ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 82 में (2001 में किए गए संशोधन के बाद) के अनुसार, 2026 तक जनगणना के पहले आंकड़े आने से पूर्व परिसीमन नहीं कराया जा सकता। परिसीमन आयोग को अपनी फ़ाइनल रिपोर्ट देने में कम से कम 3 से 4 साल का समय लगता है। पिछले आयोग ने 5 साल में रिपोर्ट दी थी, इससे साफ है कि वर्ष 2037 के आसपास रिपोर्ट मिलेगी और ये 2039 तक ही लागू किया जा सकेगा भाजपा सरकार के अनुसार, इससे साफ है कि प्रधानमंत्री जी की महिला आरक्षण को लेकर नीयत साफ नहीं है।

लक्ष्मी गुप्ता ने मांग करते हुए कहा कि जनगणना और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का इंतज़ार किए बिना आरक्षण तुरंत लागू किया जाना चाहिए और 2024 के चुनावों में इसे वास्तविकता बनाया जाना चाहिए।

लक्ष्मी ने आगे कहा कि इस विधेयक को फ़ौरन अमल में लाया जाना चाहिए और उन्होंने कहा कि इस आरक्षण को अनिश्चितकाल तक बढ़ाने के पीछे बीजेपी सरकार की राजनीति है और आगामी चुनाव में महिला मतदाताओं के वोटों पर नजऱ रखते हुए इसे लाया गया है और महिलाओं को ठगने का काम मोदी की भाजपा सरकार ने किया है।
लक्ष्मी गुप्ता ने कहा लोकसभा में भाजपा की ओर से बोलने वाले यह समझाने की बहुत कोशिश कर रहे थे कि वे 2026 के बाद पहली जनगणना के उपरांत परिसीमन के प्रावधान के संबंध में संविधान का पालन कर रहे हैं।

लेकिन वे यह समझाने में सफल नहीं होंगे कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए सबसे पहले परिसीमन से जोडऩे की आवश्यकता क्यों है? भाजपा ने 2010 में ऐसी कोई शर्त के बिना ही विधेयक का समर्थन किया था. यह और कुछ नहीं बल्कि प्रधानमंत्री द्वारा 2024 के चुनावों में महिलाओं के आरक्षण को वास्तव में लागू किए बिना उनके वोट को भुनाने की बेताबी को दिखाता है।

इस धरना प्रदर्शन में सुरेश गुप्ता अध्यक्ष किसान मित्र व्यापारी संघ, अनितपुरी प्रदेश सचिव कांग्रेस सेवादल,महामंत्री बलराम सोनी व सुरेश जायसवाल पिछड़ा वर्ग कांग्रेस सरगुजा, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस सरगुजा सचिव आरिफ खान,शुभम ठाकुर,कमलेश यादव,इश्तियाक बउआ खान जनसेवक,सत्यप्रकाश शर्मा ब्लॉक अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अंबिकापुर, मनीष गुप्ता ब्लॉक अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस सीतापुर, ईश्वर सोनी ब्लॉक अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस बतौली, हुलेश्वर रजवाड़े, संतोष, श्रीमती निर्मल सक्सेना अध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस रेवोल्यूशन सरगुजा,यास्मीन, परवीन बानो, पुष्पा देवनाथ आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट