सरगुजा
सरगुजा साइंस ग्रुप सरगुजा संभाग में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर कर रही है काम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 25 सितंबर। सरगुजा साइंस ग्रुप एजुकेशन सोसायटी द्वारा महिलाओं एवं लड़कियों के स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार सहित विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर संचालित प्रोजेक्ट ईज्जत की प्रतापपुर टीम की वार्षिक कार्ययोजना की बैठक प्रतापपुर में आयोजित की गई।
बैठक में आगामी समय में प्राजेक्ट ईज्जत के तहत् स्कूलों में हर महीने सेनेटरी पैड की नियमित पहुंच, शिक्षा के साथ-साथ स्कूली छात्राओं को जैसे सिलाई-कढ़ाई, कम्प्यूटर, जैम निर्माण, ब्यूटी पार्लर, बैग निर्माण, कैरी बैग सहित विभिन्न कार्यों में प्रशिक्षित करने पर विचार एवं निर्णय लिया गया, वहीं महिला स्वयं सहायता समूह के महिलाओं के साथ जुडक़र प्रतापपुर ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में भी माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर व्यापक स्तर पर कार्य करने का निर्णय बैठक में लिया गया। इस दौरान नई दिल्ली जाकर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर आये सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया।
प्रतापपुर गल्र्स स्कूल के व्याख्याता सुजीत मौर्य ने कोरोना के बाद सेनेटरी पैड के अनियमित उपलब्धता पर चर्चा करते हुए कहा कि संस्था द्वारा जानकारी दी गई है कि कोविड-19 के बाद फण्ड एकत्र करने में काफी दिक्कतें हो रही है, इसलिये हर महिने समय पर सेनेटरी पैड स्कूलों में नहीं पहुंच पा रहा है, जिसे देखते हुए हम सब मिल कर यदि स्थानीय स्तर पर भी इसके लिये प्रयास करें तो अपने क्षेत्र की लड़कियों एवं स्कूल छात्राओं के लिये बेहतर कर सकते हैं। इस पर सभी ने सहमति दी।
व्याख्याता जागृति मिंज ने प्रतापपुर में चल रहे माहवारी स्वच्छता कार्यक्रम सहित संस्था द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए इसमें सहभागी होने वाले एवं नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने वाले समस्त प्रतापपुर टीम को धन्यवाद दिया एवं संस्था के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए नई दिल्ली में भ्रमण एवं विभिन्न कार्यक्रमों में टीम को शामिल कराने के लिये संस्था का आभार व्यक्त किया।
संस्था के संस्थापक एवं प्रोजेक्ट ईज्जत के संयोजक अंचल ओझा ने कहा कि सेनेटरी पैड आमजनों से मिलने वाले सहयोग पर स्कूलों में वितरित होता है, अधिकतर सहयोग हमें बाहर से ही मिलता है। कोविड के बाद इसमें काफी कमी आयी है। हम सब सरगुजा संभाग में व्यापक स्तर पर माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर कार्य कर रहे हैं स्कूलों में लड़कियों को छात्राओं को नि:शुल्क पैड भी उपलब्ध करा रहे हैं, इसके बावजूद न तो सरकार का इस ओर कोई ध्यान है न तो स्थानीय स्तर पर प्रशासन कोई पहल करना चाहती है, हम सब को स्वयं ही स्थानीय स्तर पर ऐसे लोगों से संपर्क करना है और अपने कार्यों को बताना है, जिससे की हर वर्ष कुछ लोगों से हम एक निर्धारित राशि अथवा सैनेटरी पैड सहयोग के रूप में ले सकें। प्रतापपुर ब्लॉक के 90 प्रतिशत स्कूलों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर कार्यक्रम चल रहा है, जो लगातार समाचार पत्रों एवं सोशल मिडिया के माध्यम से सामने आते रहते हैं, इसके बावजूद हमें अब लोगों के पास स्वयं जाना शुरू करना होगा, ताकि स्कूली छात्राओं की जो आवश्यकता है उसकी पूर्ति कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका प्रतिमा सिंह ने रूक जाना नहीं तू कभी हार के गीत के माध्यम से सबका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कोविड के बाद थोड़ी सी दिक्कत जरूर आयी है लेकिन हम सब मिलकर मुश्किलों से बाहर निकलेंगे और हमारे स्कूल की छात्राओं को हम से जो अपेक्षा है, हम उन अपेक्षाओं के मुताबिक खरे उतरेंगे।
कार्यक्रम में आभा किरण खलखो, अंजना कुजूर, संतोषी मिंज, राजकुमारी सोनपाकर, शिल्पी रानी, मुन्नी पाण्डेय, सीमा डे, राजेश्वरी निराला, दुर्गा देवांगन, अजीत पाल मिंज, अनिता मोर्या, संतलाल सहित काफी संख्या में प्रतापपुर टीम के सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुजीत कुमार मौर्य ने किया।