सरगुजा

सीतापुर खेल महोत्सव में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री अमरजीत
24-Sep-2023 10:16 PM
सीतापुर खेल महोत्सव में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री अमरजीत

पुरानी यादें ताजा करते हुए थामा बल्ला और लगाया छक्का

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 सितंबर। खिलाडिय़ों को बेहतर मंच देने के लिए सीतापुर खेल महोत्सव 2023 का आगाज 21 सितंबर को हुआ। इस स्पर्धा को लेकर खिलाडिय़ों के अलावा स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। मंत्री श्री भगत बतौली विकासखंड के बासेन व सीतापुर विकासखंड के सुर में खेल महोत्सव में शामिल हुए।

महोत्सव के चौथे दिन कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत बतौली विकासखंड के बासेन में खिलाडिय़ों के बीच पहुँचे, मंत्री श्री भगत ने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाया और टॉस उछालकर क्रिकेट मैच का शुभारंभ किया। मंत्री श्री भगत ने खिलाडिय़ों के साथ क्रिकेट का लुफ्त भी उठाया। मंत्री को अपने बीच पाकर खिलाड़ी काफी उत्साहित हुए व उनके साथ मैच का आनंद लिया।

खेल महोत्सव में आयोजित खो-खो टीम की महिलाओं का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमे महिलाएं अपने विधायक मंत्री अमरजीत भगत का खेल महोत्सव के आयोजन के लिए आभार व्यक्त कर रही है। वे कह रही है कि सीतापुर में पहली बार इस तरह का आयोजन हुआ है जिसमे महिलाओं के लिये खेल रखा गया है, और अपने विधायक से मांग कर रही है कि आगामी वर्ष में महिलाओं के लिए अन्य खेल भी शामिल करें।

मंत्री श्री भगत ने कहा कि - सीतापुर खेल महोत्सव से खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ेगा, खिलाडिय़ों के साथ अपने पुरानी यादों को ताज़ा करते हुए क्रिकेट का बल्ला थामकर बैटिंग किया,  महिलाओं से भेंट कर उनसे आयोजन का अनुभव साझा किया वे खो खो में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. सभी खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया. ताकि उनमे खेल के प्रति जोश बना रहे. खेल महोत्सव को लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा हैं।


अन्य पोस्ट