सरगुजा

संभाग स्तर छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक, विजेता खिलाड़ी पुरस्कृत
22-Sep-2023 8:15 PM
संभाग स्तर छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक, विजेता खिलाड़ी पुरस्कृत

 अब राज्य स्तरीय खेलों में संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,22 सितंबर। तीन दिवसीय संभाग स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक के समापन समारोह का आयोजन गुरुवार को हुआ। इन तीन दिनों में संभाग के सभी छह जिलों से खिलाडिय़ों ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अब संभाग स्तर पर विजेता खिलाड़ी 25 सितंबर को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीस सूत्रीय कार्यान्वयन कार्यक्रम के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल से आज छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को पुन: पहचान मिली है। उन्होंने खिलाडिय़ों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि खेल के लिए अनुशासन अत्यंत आवश्यक है, अनुशासन व्यक्ति को आगे बढ़ाता है। अपने माता-पिता, गुरुजनों को सम्मान करें और जीवन में आगे बढे। राज्य मदरसा बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री इरफान सिद्दीकी ने भी खिलाडिय़ों को जीत की बधाई दी तथा राज्य स्तरीय खेल के लिए शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए सम्भाग स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक आयोजित इस प्रतियोगिता में सम्भाग के सभी छ: जिलों से आए खिलाडिय़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जिन खिलाडिय़ों को जीत नहीं मिली है, वे निराश ना हों और निरंतर प्रयास करते रहें। 

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ तेल घानी बोर्ड के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति उपभोक्ता संरक्षण के सदस्य अभिषेक सिंह, छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के सदस्य संजय गुप्ता, नगर निगम आयुक्त अभिषेक कुमार, जिला पंचायत सीईओ नूतन कुमार कंवर, एसडीएम अंबिकापुर, तहसीलदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

समापन समारोह के साथ ही संखली, कबड्डी, खो-खो, बाटी (कंचा), भंवरा खेल आयोजित हुए। पूरे आयोजन के दौरान संभाग के सभी छ: जिलों सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, एमसीबी, कोरिया से आए खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सभी आयुवर्गों में महिला तथा पुरुष खिलाडिय़ों ने जीत के लिए ज़ोर लगाया। विजेता खिलाडिय़ों में प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ी अब 25 सितम्बर से शुरू होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। समारोह में उपस्थित अतिथियों द्वारा खो-खो खेल के विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया। 0 से 18 आयुवर्ग में प्रथम स्थान बलरामपुर जिला, द्वितीय स्थान जशपुर जिला तथा तृतीय स्थान सरगुजा जिले ने प्राप्त किया, 18 से 40 आयुवर्ग में प्रथम स्थान सूरजपुर जिला, द्वितीय स्थान सरगुजा जिला तथा तृतीय स्थान बलरामपुर जिले ने प्राप्त किया, 40 वर्ष से अधिक आयुवर्ग में प्रथम स्थान कोरिया जिला, द्वितीय स्थान जशपुर जिला तथा तृतीय स्थान सूरजपुर जिले ने प्राप्त किया।


अन्य पोस्ट