सरगुजा

लूटपाट की नीयत से अपहरण कर हत्या, जशपुर के 3 गिरफ्तार
10-Sep-2023 7:54 PM
लूटपाट की नीयत से अपहरण कर  हत्या, जशपुर के 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,10 सितंबर।
अपहरण कर हत्या करने के मामले मे सरगुजा पुलिस को  सफलता मिली है। पुलिस ने जशपुर के 3 शातिर  आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा लूटपाट की नीयत से मृतक को कार मे जबरन बैठाकर मारपीट कर की गई थी एवं  हत्या के बाद शव को लावारिस हालत मे फेक कर  फरार हो गए थे।पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त कार एवं डंडा को जप्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी कलेश्वर दास साकिन भिट्टी खुर्द अम्बिकापुर द्वारा 30 अगस्त को थाना कोतवाली आकर सूचना दी कि भफोली मेन रोड गंजास नाला के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पास की झाडिय़ों में पड़ा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा सूचना पर तत्काल रवाना होकर मौक़े पर शव निरीक्षण कर घटना संदेहास्पद प्रतीत होने पर मार्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पश्चात सादर धारा का अपराध घटित होना पाये जाने पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली मे अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।

पुलिस टीम द्वारा मृतक की पहचान ग्राम बकसपुर कुसमी निवासी वीरेश अगरिया आत्मज सहजु अगरिया उम्र 35 वर्ष के रूप मे की गई एवं घटना कारित करने वाले आरोपियों के संबंध में मुखबिर तैनात किए गए थे एवं तकनीकी सहायता से घटना कारित करने वाले आरोपियों की गहन छानबीन की गई।

पुलिस टीम ने 10 दिन के भीतर ही मामले में शामिल संदेहियों की घेराबंदी कर पकड़ कर पूछताछ की। आरोपियों द्वारा अपना नाम  सुरेश यादव उम्र-37 वर्ष सा.रायडीह थाना- दुलदुला,  मुन्ना विश्वकर्मा उम्र-35 वर्ष सा.कंचनडीह थाना-बगीचा, कैलाश यादव उम्र-24 वर्ष सा-झगरपुर थाना- बगीचा सभी- जिला जशपुर का होना बताये।

आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ किए जाने पर बताया गया कि घटना दिनांक 29 से 30 अगस्त  के मध्य आरोपी लाल रंग की कार में सवार होकर लूटपाट के इरादे से मृतक को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए एवं मृतक से नगद लूटपाट करने के पश्चात डंडा से गंभीर चोट कारित कर हत्या कारित कर भफोली मेन रोड गंजास नाले के पास झाडिय़ों मे फेंक कर फरार हो जाना स्वीकार किया गया।

आरोपियों का मृतक से किसी प्रकार का पूर्व विवाद होना नहीं पाया गया, जो आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा एवं कार बरामद किया गया है।  आरोपियों द्वारा अपराध घटित करना स्वीकार किये जाने पर अपराध सबूत पाए जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाता है। आरोपी कैलाश यादव के विरुद्ध जिला जशपुर में कई गंभीर आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं, आरोपी आपराधिक किस्म का व्यक्ति है।


अन्य पोस्ट