सरगुजा

मीडिया, सोशल मीडिया व आईटी सेल तीनों मिलकर चुनाव में काम करें - सिद्धार्थ नाथ
07-Sep-2023 2:58 PM
मीडिया, सोशल मीडिया व आईटी सेल तीनों मिलकर चुनाव में काम करें - सिद्धार्थ नाथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 7 सितम्बर।
भाजपा मीडिया विभाग सरगुजा संभाग की एक दिवसीय कार्यशाला आज संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री उत्तरप्रदेश व भाजपा छत्तीसगढ़ मीडिया एवं प्रचार प्रसार प्रभारी सिद्धार्थ नाथ सिंह के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा प्रदेश मीडिया चुनाव समिति संयोजक रसिक परमार के विशिष्ठ आतिथ्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व सांसद कमलभान सिंह तथा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता की उपस्थिति में आयोजित मीडिया, सोशल मीडिया व आई.टी.सेल. के संयुक्त संभागीय कार्यशाला में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिद्धार्थ नाथ सिंह ने उपस्थित भाजपा पदाधिकारियो को मीडिया विभाग की बारीकियों से अवगत कराया तथा चुनाव में सक्रियता से कार्य करने के गुर सिखाये ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि आज मै जो कुछ हूँ, भाजपा मीडिया में काम करने की वजह से हूँ, मैं भी पहले आप की ही तरह भाजपा का एक छोटा कार्यकर्ता था, पार्टी ने मुझे अवसर दिया और मैं भाजपा संगठन की सेवा करते करते यहाँ तक पहुंचा हूँ। आप सब भी मेहनत व समर्पण से अपनी लकीर खीचते रहिये। मैं मानता हूँ कि दो प्लस दो चार नहीं बल्कि पांच होते हैं, क्योंकि एक लकीर आप को भी खीचना है। आगे उन्होंने चुनाव में मिडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया, सोशल मिडिया व आई.टी.सेल. तीनों मिलकर काम चुनाव में काम करें तभी हमें अनुकूल सफलता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुझे अरुण जेटली जी ने बताया था कि जब जब चुनाव आता है, तब तब कार्यकर्ताओं को अपना कद बढ़ाने का मौका मिलता है। पार्टी ने जब आपको एक प्लेटफार्म दिया है तो कुछ अच्छा कर जाओ क्योकि संगठन हर काम का आकलन करती है। 

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया चुनाव समिति संयोजक कार्यक्रम के विशिष्ट रसिक परमार ने कहा कि भाजपा मिडिया सेल पार्टी की रीढ़  है,  पार्टी की हर एक गतिविधियों को मीडिया सोशल मीडिया तथा आई.टी.सेल के माध्यम से जन जन तक पहुचाने का महत्वपूर्ण कार्य भाजपा मीडिया करती है। उन्होंने कहा कि मिडिया का रोल परदे के पीछे का होता है, जहा हम अपने नायको की खूबी को प्रसारित व प्रचारित करते हैं। आने वाले चुनाव में मीडिया सेल का हर एक पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपनी भूमिका का निर्वहन करने हेतु तैयार रहे।
 


अन्य पोस्ट