सरगुजा

खेल हो या जंग का मैदान, अंतिम बाजी मारने वाला ही विजेता -अमरजीत
06-Sep-2023 8:30 PM
खेल हो या जंग का मैदान, अंतिम बाजी मारने वाला ही विजेता -अमरजीत

जिला स्तर छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक में प्रथम रहे  विजेता अब संभाग स्तर पर लेंगे हिस्सा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 सितंबर।
कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत की गरिमामय उपस्थिति में मंगलवार को छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का समापन हुआ। जिला मुख्यालय अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में 4 और 5 सितंबर को दो दिवसीय छत्तीसगढिय़ा ओलम्पिक के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 1397 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। अब इन खिलाडिय़ों में से 16 विभिन्न खेल प्रतियोगिता में प्रथम विजेता रहे खिलाड़ी संभाग स्तर पर हिस्सा लेंगे।

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक के समापन अवसर पर मंत्री श्री भगत ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ी मामूली नहीं है, अपनी प्रतिभा और रणनीति की बदौलत यहां पहुंचे हैं। ये अपने खेल के सूरमा हैं। उन्होंने कहा कि खेल हो या जंग का मैदान, अंतिम बाजी मारने वाला ही विजेता होता है। छत्तीसगढ़ के खेल, संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रयास से लोक खेलों की पहचान को जीवंत किया जा रहा है। इस प्रयास को सफल बनाने जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग किया जा रहा है, जिसके लिए समस्त प्रशासन बधाई के पात्र हैं। 

इस दौरान छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, राज्य कृषक कल्याण परिषद के सदस्य संजय गुप्ता, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, सीईओ जिला पंचायत नूतन कुमार कंवर, अपर कलेक्टर ए एल ध्रुव सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

जिला स्तरीय छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक प्रतियोगिता के पहले दिन जहां रस्साकशी, लंगड़ी दौड़, 100 मी दौड़, लंबी कूद, रस्सी कूद, पिट्टूल, फुगड़ी, बिल्लस, गिल्ली डंडा, गेड़ी दौड़ का आयोजन हुआ। वहीं समापन दिवस पर खो खो, कबड्डी, संखली, बांटी कंचा, कुश्ती, भौरा की प्रतियोगिता हुई। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कृत भी किया गया। उल्लेखनीय है कि जिला स्तर पर प्रथम आने वाले प्रतिभागी ही संभाग स्तर पर होने वाले खेलों में हिस्सा लेंगे।


अन्य पोस्ट