सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 सितंबर। वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय पोषण अनाज वर्ष घोषित किया गया है। इस दौरान पूरे भारत को पोषक अनाज मिलेट्स के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है । इस अवसर पर होली क्रॉस विमेंस कॉलेज अंबिकापुर में मिलेट्स के महत्व पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता डाइटिशियन सुमन सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर ने बताया कि मिलेट्स अनाज एक अत्यधिक पौष्टिक एवं कम खर्चीले का अनाज है, अत: यह बढ़ती आबादी को पौष्टिक अनाज उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा सकता है, साथ ही इसके पोषण मूल्य एवं स्वास्थ्य लाभों के कारण सभी लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने मिलेट्स के जैसे - ज्वार ,बाजरा ,कोदो ,कंगनी से बने पौष्टिक व्यंजन जो आजकल मार्केट में उपलब्ध है ,के बारे में बताया। तथा इससे विभिन्न व्यंजन बनाने की विधि एवं चिकित्सीय लाभों के बारे में उपयोगी जानकारी दी।
महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साह पूर्वक अपनी सहभागिता दिखाई, इसमें गृह विज्ञान विभाग के प्राध्यापक उपस्थित थे ,यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉक्टर सिस्टर शांता जोसेफ के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।