सरगुजा

हादसे में घायल दूसरे युवक की भी मौत
30-Aug-2023 7:58 PM
हादसे में घायल दूसरे युवक की भी मौत

कल पिकअप-बाइक भिड़ंत में तीन युवक हुए थे घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बतौली, 30 अगस्त। सडक़ दुर्घटना में घायल दूसरे युवक की भी मौत हो गई। मंगलवार को पिकअप और मोटरसाइकिल दुर्घटना में तीन युवक घायल हुए थे। एक की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में, दूसरे की जिला अस्पताल में मौत हुई। एक घायल आईसीयू में है।

बतौली के बगीचा रोड राज्यमार्ग क्रमांक 02 में बतौली से पांच किलोमीटर में दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार के देर शाम हुई दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में अजय लोहार उर्फ डब्लू की मौत हो गई थी। एक और गम्भीर रूप से घायल सुनील ने जो पथराई का निवासी था, उसने भी जिला अस्पताल में भर्ती के बाद दम तोड़ दिया।

तीसरे घायल अविनाश उर्फ लोली के सिर और हाथ पैर में गम्भीर चोट आई, जिसे जिला अस्पताल अम्बिकापुर में भर्ती कराया गया है जहाँ आईसीयू में जीवन और मौत से जूझ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर अविनाश के परिवार इलाज के लिए पैसों को लेकर परेशान हैं। मजदूरी करने वाले परिवार अत्यंत गरीब के श्रेणी में आते है और महंगे इलाज करा पाने में सक्षम नहीं है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधा की कमी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में कोई सुविधा नहीं है। आरोप  है कि गम्भीर रूप से घायल अजय को ड्रेसिंग रूम के फर्श पर ही डाल दिया गया। बहुत देर तक इन घायलों का इलाज भी प्रारम्भ नहीं हो सका। थोड़े ठीक लग रहे अविनाश और सुनील को प्राथमिक चिकित्सा दी गई।

इलाज के अभाव में मौत-आरोप
आरोप  है कि अजय गम्भीर रूप से घायल था, उस पर ध्यान ही नहीं दिया गया। अजय की चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे ना तो कोई इंजेक्शन दिया गया और न ही सलाईन ही चढ़ाई गई।किसी भी प्रकार का कोई इलाज अजय का नहीं किया गया। दो घंटे बाद जब अम्बिकापुर भेजने की बात आई तब देखा गया कि उसकी मौत हो गई है। दो घंटे तक बेहोशी के आलम में तड़पते हुए अजय की मौत हो चुकी थी।
आकस्मिक चिकित्सा के लिए उपलब्ध एक चिकित्सक और वार्ड बॉय के भरोसे सब घायलों को छोड़ दिया गया। अगर समुचित इलाज इन्हें दिया जाता तो हो सकता था किसी की जान बच जाती।

ज्ञात हो कि अस्पताल के अमानवीय होने के आरोप स्वास्थ्य केंद्र के महिला कर्मचारी ने कुछ दिन पूर्व लगाया था कि जब कर्मचारियों पर अस्पताल के डॉक्टरों का यह रवैया है तो किसी आम मरीज की क्या स्थिति होगी। वहीं मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में देखने को मिला। एक चिकित्सक और एक वार्ड बॉय के भरोसे गंभीर रूप से तीन घायलों को छोड़ दिया गया जिससे 2 की मौत हो गई।

दो घंटे बाद मिली एम्बुलेंस
गंभीर रूप से घायल दो युवकों सुनील और अविनाश को जिला चिकित्सालय भेजने में दो घंटे से ज्यादा समय लग गए।जिससे समुचित इलाज के अभाव में सुनील की मौत हो गई।अगर जल्दी भेज दिया जाता तो हो सकता था सुनील की जान बच जाती।


अन्य पोस्ट