सरगुजा

सुरेन्द्र का राजीव गांधी समरसता अवार्ड के लिए चयन
20-Aug-2023 8:48 PM
सुरेन्द्र का राजीव गांधी समरसता अवार्ड के लिए चयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 20 अगस्त।
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती 20 अगस्त सद्भावना दिवस पर छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू का चयन राजीव गांधी समरसता अवार्ड समाज सेवा के लिए छत्तीसगढ़ से चयन किया गया है। 

सुरेन्द्र साहू का चयन समरसता इंटरनेशनल कांग्रेस और इंडो -नेपाल समरसता आर्गनाइजेशन के संयुक्त द्वारा किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दमन नाथ ढगाना प्रथम लोकसभा अध्यक्ष नेपाल द्वारा एवं डॉ. शिवमाया पूर्व कानून मंत्री नेपाल द्वारा किया जाएगा। 

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह महासचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नेपाल की टोपी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जगदीश टाइटलर द्वारा मैडल, पुर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय द्वारा स्मृति चिन्ह किया जाएगा। 

अन्तरराष्ट्रीय मिशन सलाहकार बोर्ड सदस्य संतोष सुखवानी ने बताया कि सुरेन्द्र साहू का मुख्य द्वार में तिलक और बैच लगाकर स्वागत किया जाएगा। भारत नेपाल सांस्कृतिक समन्वय सम्मेलन के द्वारा इस सम्मान के लिए भारत से 51 लोगों का चयन किया गया है। 

 यह कार्यक्रम दी इंडियन सोसाइटी आफ इंटरनेशनल ला वी के कृष्ण मेमन भवन सभागार दिल्ली में आयोजित किया गया है। सम्मेलन में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को यह पुरस्कार बाल अधिकार , महिला अधिकार, नशा मुक्ति के खिलाफ जन  जागरूकता अभियान,मानव व्यापार के खिलाफ जागरूकता अभियान,बाल विवाह रोकने हेतु जन-जागरूकता अभियान, वृद्धाश्रमों का संचालन एवं लाकडाऊन में लगातार किये गये उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रदान किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र साहू समाज सेवी संस्था छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव के पद पर लगातार 30 वर्षों से  सामाजिक कार्य कर रहे है। छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को पूर्व में नेहरू युवा केन्द्र संगठन सरगुजा द्वारा जिला युवा पुरस्कार एवं नेहरू युवा केन्द्र संगठन छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य युवा पुरस्कार, स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय युवा पुरस्कार, साहित्य अकादमी एवं मैथिल प्रवाहिका द्वारा छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान, भारतीय आदिम जाति सेवक संघ दिल्ली द्वारा आदिवासी सेवा सम्मान, मानसिक कल्याण अभिभावक संघ बिलासपुर द्वारा सेवा सनद सम्मान, छत्तीसगढ़ के छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग रायपुर द्वारा बाल गौरव सम्मान, छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान, तेजस्वी फाऊंडेशन रायपुर द्वारा मानव सेवा सम्मान, एकता फाऊंडेशन नागपुर द्वारा कोविड योद्धा गौरव सम्मान,साथी फाऊंडेशन द्वारा कोरोना योद्धा सम्मान,मिलाई में रक्त मित्र सम्मान, बुजुर्गो की चौपाल संस्था रायपुर द्वारा श्रवण कुमार सम्मान, वक्ता मंच रायपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण सम्मान, कानपुर द्वारा नवसृजन कला प्रवीण अवार्ड, नर्मदा मिशन जबलपुर द्वारा समर्थ अंलकरण पुरस्कार एंव दिल्ली में अन्तरराष्ट्रीय कबीर सम्मान से सम्मानित किया गया है। 

छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को राजीव गांधी समरसता अवार्ड के चयनित होने पर अनेक लोगों ने बधाई दी है।


अन्य पोस्ट