सरगुजा

रामानुजगंज में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, निकाली भव्य रैली
20-Aug-2023 8:38 PM
रामानुजगंज में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, निकाली भव्य रैली

  नेताम ने कार्यकर्ताओं को किया रिचार्ज, जीत का दिया मंत्र  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 20 अगस्त।
छत्तीसगढ़ की हाई-प्रोफाइल रामानुजगंज विधानसभा सीट से बीजेपी ने कद्दावर आदिवासी नेता रामविचार नेताम को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बीजेपी उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पहली बार नेताम रामानुजगंज दौरे पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव में जीत हासिल करने का संदेश दिया।

रामानुजगंज विधानसभा सीट से नेताम को बीजेपी उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली, जिसमें  हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। चलगली मोड़ से रामानुजगंज तक बाइक रैली निकाली गई। रैली का भव्य स्वागत किया गया।

उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पहुंचे क्षेत्र के दौरे पर
रामविचार नेताम रामानुजगंज विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पहली बार क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं सहित आम नागरिकों से भेंट मुलाकात की और कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अभी से एकजुट होकर तैयारी करने का संदेश दिया।

पार्टी ने मुझ पर जताया भरोसा
नेताम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया है छत्तीसगढ़ में इस बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं, सरगुजा संभाग की सभी सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने का प्रयास करेंगे।


अन्य पोस्ट