सरगुजा

बौरीपारा देशी शराब दुकान को गाड़ाघाट स्थानांतरित करने कलेक्टर को ज्ञापन
19-Aug-2023 9:59 PM
बौरीपारा देशी शराब दुकान को गाड़ाघाट स्थानांतरित करने कलेक्टर को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 अगस्त। बौरीपारा देशी शराब दुकान को गाड़ाघाट अंग्रेजी शराब दुकान के पास स्थानांतरित करने मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी कि देशी शराब दुकान बौरीपारा 10 दिवस के भीतर अन्यत्र स्थानांतरित न होने की स्थिति में देशी शराब दुकान के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया कि देशी शराब दुकान बौरीपारा जिस स्थान पर संचालित है, उसी कम्पाउंड के अंदर देशी शराब बिक्री के साथ-साथ अहाता बनाकर लोगों को बैठाकर पिलाने की व्यवस्था मकान मालिक द्वारा की गई है। जिससे शराब पीकर जो लोग बाहर निकलते हैं, उसके द्वारा आसपास के एक किमी के अन्तर्गत घनी आबादी में रह रहे लोगों को आये दिन अपमानित और शर्मसार होना पड़ता है। हमेशा शराबियों द्वारा आम जनता से मारपीट की जाती है, चूंकि शराब दुकान के पास ही पुलिस लाईन दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर स्थित है, मंदिर पहुचने का समीप रास्ता शराब दुकान के सामने से होकर गुजरता है। महिलाओं पर भी अभद्र व्यवहार एवं टिप्पणी शराबियों द्वारा किया जाता है।

वार्डवासियों की यह भी शिकायत है कि मकान मालिक जो कि शराब व्यवसायी भी है तथा जिस पर पूर्व में भी अवैध शराब बेचने के कई मामले चल चुके हैं, उसके द्वारा आबकारी अधिकारीयों से सांठगांठ कर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब की बिक्री उसी कम्पाउंड के अन्दर की जा रही है।

बौरीपारा पुरानी घनी बस्ती आबादी वाला क्षेत्र है और यहाँ रहने- वाले नगरवासियों को देशी शराब दुकान के कारण प्रति दिन परेशनियों का सामना करना पड़ रहा है।

मोहल्लेवासियों ने कहा कि देशी शराब दुकान को गाड़ाघाट अंग्रेजी शराब दुकान के पास स्थानांतरित करना जनहित का काम होगा।


अन्य पोस्ट