सरगुजा

छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की हवा बह रही है नवंबर में खिलेगा कमल- अरुण साव
14-Aug-2023 8:52 PM
छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की हवा बह रही है नवंबर में खिलेगा कमल- अरुण साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 14 अगस्त। सोमवार को अंबिकापुर नगर के भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन की हवा बह रही है। नवंबर में जब चुनाव होगा तो छत्तीसगढ़ में कमल खिलेगा। भाजपा ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है। घोषणा पत्र समिति बना दी गई है और 3 अगस्त से समिति छत्तीसगढिय़ा लोगों के मन की बात सुन रही है और उसे सुझाव के रूप में लेकर घोषणा पत्र बनाएगी।

अब तक व्हाट्सएप के माध्यम से 20 हजार सुझाव एवं मेल आईडी के माध्यम से 20000 सुझाव आए हैं। इसके अलावा पदाधिकारियों के पास भी सुझाव आ रहे हैं जो घोषणा पत्र समिति को भेजेंगे। जो लोग अपने मन की बात सुझाव में भेज रहे हैं वह सरकार के कारगुजारीओं से खुश नहीं है। पूरे 5 साल में भूपेश सरकार ने प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया है। कांग्रेस की प्रवृत्ति ठगने,धोखा देने की रही है,वायदा कर मुकरना इनकी फितरत में है।

कांग्रेस सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र में किए कई वादों को पूरा नहीं किया है, बीजेपी जो कहती है वह करती है हमारा घोषणा पत्र घोषणा पत्र नहीं बल्कि संकल्प पत्र होता है। जिस प्रकार से छत्तीसगढ़ में घोटाले का सिलसिला चल रहा है जनता ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि सरकार इस प्रकार का कोयला,चावल, शराब गोठान, रेत, डीएफ में घोटाला करेगी। यही नहीं पीएससी में भी घोटाला हुआ और छत्तीसगढ़ के नौजवानों के सपने को तोडऩे का काम इस कांग्रेस सरकार ने किया है। अभी तो शिक्षकों के पदस्थापन में घोटाला हुआ जिसे सरकार ने भी माना की नियम को ताक में रखकर पदस्थापना की गई है,अधिकारियों पर कार्रवाई तो हुई, लेकिन मंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। राज्य सरकार कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने में पूरी तरह फेल हो गया है।

यहां विकास के सारे कार्य ठप हैं, छत्तीसगढ़ को बदनाम करने का काम भूपेश सरकार ने किया है।यहां के स्वास्थ्य सुविधाएं भी पूरी तरह चरमरा गई है। खुद विधानसभा में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री ने जनवरी से जून माह तक 267 नवजात बच्चों की मौत की जानकारी दी थी।

इस सरकार ने हर वर्ग के लोगों को ठगने का प्रयास किया है, छत्तीसगढ़ की जनता के लिए भाजपा सडक़ से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ रही है। भाजपा कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने पूरी ताकत से तैयार है और नवंबर में कमल खिलने वाला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव दो दिवसीय सरगुजा संभाग के दौरे पर पहुंचे,इस दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहां की पौने 5 सालों में युवाओं के सपने को तोडऩे का काम किया हैं। उनकी पदों की नीलामी लगा कर बेची हो,अपने लोगों में उन पदों को बांटा हो। बेरोजगारी भत्ता के लिए तरसाया हो, नौकरी के लिए तरसाया हो, उनके साथ अन्याय अत्याचार किया हो, अब युवाओं के बीच युवा संवाद करने आ रहे हैं,लेकिन छत्तीसगढ़ के युवा अब तय कर चुके हैं कि राज्य सरकार की छुट्टी करने का और वह संकल्प को छत्तीसगढ़ का युवा पूरा करेगा।

मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री का सरगुजा संभाग में ज्यादा दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हर वर्ग से दूरी बनाई, क्योंकि हर वर्ग को ठगने का काम, धोखा देने का काम किया और अब चुनाव नजदीक आ रहा है और ये जा रहे हैं, और ये कांग्रेस के फितरत रही है। साढ़े 4 साल जनता की परवाह नहीं करते हैं और चुनाव नजदीक आते ही जनता से अपना जुड़ाव साधने में लग जाते हैं तो ऐसे में जनता बखूबी समझ चुकी है।


अन्य पोस्ट