सरगुजा
पुलिस पर चोरी के आरोपी को बेदम मारपीट करने का लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,13 अगस्त। गांधीनगर थाना में चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों में से एक आदिवासी युवक की बेदम पिटाई का आरोप लगाते हुए सर्व आदिवासी समाज गत शनिवार की देर शाम गांधीनगर थाना के सामने जमकर प्रदर्शन किया। आदिवासी समाज की भीड़ को उग्र होता देख मोर्चा संभालने एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला स्वयं थाना पहुंच गए और समाज के लोगों को किसी प्रकार समझाइए देते हुए शांत कराया। वहीं समाज के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने चोरी के जिन दो आरोपियों को पकड़ा है उनमें से मनमोहन सिंह की पुलिस ने बेदम पिटाई की है, जिसके चलते वह चल फिर नहीं पा रहा है।आदिवासी समाज का कहना है कि अगर कोई जुर्म किया है तो पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकती है,उसकी बेदम पिटाई नहीं कर सकती। पुलिस आदिवासियों पर अत्याचार कर रही है।
गौरतलब है कि गांधीनगर पुलिस ने प्रार्थी जितेंद्र जिंदल आत्मज अशोक जिंदल उम्र 36 वर्ष साकिन मनेन्द्रगढ़ रोड गांधीनगर की रिपोर्ट पर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया है। जितेंद्र जिंदल का आरोप है कि गत घटना दिनांक 10 अगस्त के शाम को प्रार्थी दुकान के दिनभर के बिक्री रकम 2 लाख रुपये नगद को अपने दुकान के गल्ले मे रखकर अपना दुकान बंद कर घर चला गया था, प्रार्थी अगले दिन सुबह दुकान खोलकर देखा तो दुकान के गल्ले में रखा 02 लाख रूपये चोरी हो गया था, प्रार्थी द्वारा मामले में अपने दुकान में कार्यरत कर्मचारी के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट किया गया था, प्रार्थी कि रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा नामजद आरोपियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया जो आरोपियों द्वारा अपना नाम (1) मनमोहन सिंह (19) ओडग़ी जिला सुरजपुर, ओमप्रकाश(19) नयनपुर थाना सूरजपुर दोनों हाल मुकाम मनेन्द्रगढ़ रोड गांधीनगर को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर दुकान से नगद चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया गया, आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये नगद एवं घटना कारित करने में प्रयुक्त लोहे के औजार जप्त किया गया हैं, आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया हैं। इधर आदिवासी समाज ने पुलिस पर बेदम पिटाई करने का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस ने मारपीट करने जैसी घटना से इंकार किया है।