सरगुजा

बतौली जमीन घोटाला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार
11-Aug-2023 8:10 PM
बतौली जमीन घोटाला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार

बतौली,11 अगस्त। सरगुजा जिला अंतर्गत बतौली विकासखंड के ग्राम भटको के सरकारी जमीन घोटाले के मामले में सरगुजा पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में अभियान चला कर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सह जनपद पंचायत बतौली के उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता  के मोबाइल लोकेशन के आधार पर अम्बिकापुर से गुरुवार की देर शाम को गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञात हो कि बतौली के भटको, करदना, झरगंवा में 47 एकड़ जमीन का घोटाला मई में प्रकाश में आया था।

गौरतलब है कि तहसीलदार बतौली ईश्वर चंद्र यादव ने गत 16 मई को बतौली थाना में तहरीर देकर अपराध दर्ज कराया था है, जिसमें कुल 19 व्यक्तियों के नाम से अपराध दर्ज किया गया था। सभी पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी जमीन का फर्जीवाड़ा कर अपने नाम से कराया और सरकारी जमीन पर उपजाई गई धान समिति में बेचा।
इस फर्जीवाड़े में भूपेंद्र यादव उसके पिता रामानंद यादव भाई हेमंत यादव के अलावा  ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता  और पटवारी कंच राम पैकरा, कानूनगो जान बड़ा सहित 19 लोगों पर पंजीबद्ध किए गए थे।

आवेदन में यह कहा गया था कि शासकीय मद की भूमि को फर्जी तरीके से अपने नाम करा कर अवैधानिक कृत्य करने के संबंध में थाना बतौली में 15 मई 2023 के पत्र के परिपालन में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सेदम, खंडधोवा में लाखों रुपए का धान बिक्री कर योजना का लाभ लिया। और इसी जमीन को फर्जी तरीके से अपने नाम कराया। सभी आवेदकों के द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर अपराधिक षड्यंत्र कर अवैधानिक कृत्य किया गया है।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही भाजपा नेता अमित गुप्ता को भी जमीन घोटाले के मामले में बतौली से गिरफ्तार किया गया था। इधर गुरुवार की देर शाम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कई और की गिरफ्तारी होनी है जिस पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के गिरफ्तारी की पुष्टि एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला ने की है।


अन्य पोस्ट