सरगुजा
अम्बिकापुर, 10 अगस्त। सरगुजा जिला के बतौली बहुचर्चित जमीन घोटाले के एक आरोपी भाजपा नेता अमित गुप्ता को आधी रात पुलिस ने बतौली स्थित घर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आधी रात जब पुलिस ने भाजपा नेता अमित गुप्ता के घर में घेराबंदी की, इसकी जानकारी लगने पर अमित गुप्ता घर से निकल कर थोड़ी दूर गिरफ्तारी से बचने निकल गया। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने पर मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया और पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया। ज्ञात हो कि बतौली के भटको, करदना, झरगंवा में कई एकड़ जमीन का घोटाला मई में प्रकाश में आया था।
तहसीलदार ईश्वर चंद्र यादव की रिपोर्ट पर बतौली पुलिस ने 2 एफआईआर दर्ज किया था। एक एफआईआर में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, भूपेंद्र यादव, हेमन्त यादव और पिता रामानंद यादव के साथ 21 पर आरोप लगाया था। दूसरे एफआईआर में अमित गुप्ता,पटवारी कंच राम और कानूनगो जान बड़ा और एक महिला पर आरोप था। पुलिस ने पहले एफआईआर पर कार्रवाई करते हुए 4 ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो अपनी जमानत भी नहीं करा सकते, वहीं बुधवार और गुरुवार के दरम्यानी रात को भारी पुलिस बल के साथ भाजपा नेता अमित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।