सरगुजा

आदिवासियों की जमीन भाजपा ने बेची, कांग्रेस ने लौटाई-भूपेश
10-Aug-2023 7:42 PM
आदिवासियों की जमीन भाजपा ने बेची, कांग्रेस ने लौटाई-भूपेश

  कांग्रेस सरगुजा की 14 की 14 सीट जीतेगी  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 अगस्त।
आदिवासी बाहुल्य सरगुजा जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सीतापुर में बड़ा आयोजन करके कांग्रेस ने आदिवासियों को साधने के साथ ही एक बार फिर सरगुजा संभाग की 14 की 14 सीट  जीतने की रणनीति तैयार की, वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही कई घोषणाओं के साथ ही आदिवासियों ने सरगुजा को करोड़ों की सौगात भी दी है। 

टीएस सिंह देव के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद सरगुजा में पहला ऐसा मौका था, जब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एक साथ नजर आए। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, खाद्य संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री शिव डहरिया के अलावा  कांग्रेस के दिग्गज नेता सरगुजा जिले के सीतापुर में आयोजित आदिवासी सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हुए थे। 

 प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत सब ने मंच से प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही भाजपा को आदिवासी विरोधी बताया तो वहीं कांग्रेस को आदिवासी हितैषी बताते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में ही आदिवासी सशक्त हुए हैं और उन्हें सम्मान दिया जा रहा है। 

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। स्मृति ईरानी का आरोप जिसमें उन्होंने प्रदेश सरकार पर अडानी को जमीन देने का आरोप लगाया था, इस पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मृति ईरानी को गांधी परिवार का फोबिया हो गया है। उन्होंने कहा कि पीएम से लेकर रक्षा मंत्री झूठ बोलते हैं और आज स्मृति ईरानी भी झूठ बोल रही हैं। 

आदिवासियों की जमीन बेचने  के आरोप पर बघेल ने कहा कि आदिवासियों की जमीन बेचने का काम पूर्व की भाजपा सरकार और केंद्र की सरकार कर रही है, जबकि कांग्रेस ने तो आदिवासियों की जमीन उन्हें वापस लौटने का काम किया है। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि इस चुनाव में भी कांग्रेस सरगुजा की 14 की 14 सीट जीतने के साथ ही प्रदेश में अधिकतम सीट जीतकर अपनी सरकार बनाएगी।


अन्य पोस्ट