सरगुजा

कांग्रेस ने साढ़े चार वर्षों में आदिवासी समुदाय को केवल वोटबैंक समझकर किया भावनाओं से खिलवाड़-विष्णुदेव
09-Aug-2023 10:09 PM
कांग्रेस ने साढ़े चार वर्षों में आदिवासी समुदाय को केवल वोटबैंक समझकर किया भावनाओं से खिलवाड़-विष्णुदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 अगस्त।
आज संकल्प भवन भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता विष्णुदेव साय ने प्रेस को संबोधित किया।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में आदिवासी समुदाय को केवल वोट बैंक समझकर उनके भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के आदिवासी वर्गों की घोर उपेक्षा किया तथा उनके हितों पर कभी ध्यान नहीं दिया। जबकि भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा तत्पर रहा है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जनजाति समुदाय के लिए भाजपा ने  सकारात्मक कार्य किए हैं। भाजपा सरकार ने सन 2011 में अनुसूचित जनजाति का आरक्षण 20 प्रतिशत से बढ़ा कर 32 प्रतिशत किया। कांग्रेस आज भी इस मामले पर सिर्फ राजनीति कर रही है।

आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को उचित सम्मान देते हुए भाजपा की सरकार ने 15 नवंबर, बिरसा मुंडा की जन्म तिथि, को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

 प्रेस कांफ्रेंस में विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा के कांग्रेस से 9 सवाल हैं, सवालों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने पूछा कि 39 हजार बच्चों की मौत का जिम्मेदार कौन अब तक कोई कार्यवाही क्यों नही?, कांग्रेस शासन के केवल 3 वर्षों में लगभग 39,000 आदिवासी शिशुओं (मुख्य रूप से बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के) ने अपनी जान गंवा दी और 900 गर्भवती माताओं को प्रसव के दौरान अपनी जान गवानी पड़ी, जिसका मुख्य कारण बढ़ा हुआ रक्तचाप था।

कांग्रेस राज में एनीमिया के मामले में छत्तीसगढ़ देश में पहले स्थान पर पहुंचा कोई ठोस कदम नहीं उठाया क्यों ? आदिवासी छात्रों के नामांकन में इतनी बड़ी कमी क्यों ? कांग्रेस के शासन में राज्य में औसतन आदिवासी छात्रों के कुल नामांकन में प्रतिवर्ष लगभग 1 लाख नामांकन की कमी देखी गई है क्यों ? आदिवासी बच्चों के  आवासीय विद्यालय जर्जर क्यों ? प्रयास आवासीय विद्यालय जिन्हे आदिवासी बच्चों को उच्चतम शिक्षा प्रदान करने के लिए भाजपा सरकार द्वारा खोला गया था, आज कांग्रेस शासन के तहत जर्जर हालत में हैं, जिसके कारण छात्रों को वापस अपने गाँव लौटने पर मजबूर होना पड़ा है क्यों? तेंदुपता की कम खरीदी एवम कम भुगतान क्यों ? राज्य गठन के बाद पहली बार, वर्ष 2020 और 2021 में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बढ़ी हुई कीमतों से अधिक लाभ नहीं

मिला, क्योंकि सरकार ने क्रमश: लगभग 9.7 लाख और 13 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता ही खरीदा। कांग्रेस पार्टी ने अपनी निष्क्रियता के माध्यम से 13.76 लाख परिवार जो अपनी आजीविका के प्राथमिक स्रोत के रूप में तेंदूपत्ता परनिर्भर हैं (जिनमें से अधिकांश आदिवासी परिवार है) उनसे उनकी रोजी रोटी छीनकर गंभीर अन्याय किया है। 

आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा क्यों ? न केवल उनकी आजीविका के स्रोत को निशाना बनाया जा रहा है, बल्कि आदिवासियों की जमीन भी कांग्रेस नेताओं की लालची नजरों का शिकार हो गई हैं। 

आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं द्वारा आदिवासी समुदाय के लोगों की जमीन हड़पने के मामले, जिनमें स्वयं मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जैसे प्रमुख नेता भी शामिल हैं, उनके कार्यकाल पर एक बड़ा धब्बा है।

आदिवासियों की संस्कृति छीनकर धर्मांतरण का खेल खेलने वालो को सरकार का संरक्षण क्यों ? कांग्रेस ने राज्य में, विशेषकर आदिवासी समुदाय के बीच बड़े पैमाने पर हो रहे धर्मांतरण के मुद्दे को भी नजरअंदाज कर दिया है, जो राज्य से आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को खत्म कर रहा है। आदिवासी छात्रावास में बच्चियों के साथ गैंग रैप क्यों ?

कांग्रेस राज में लगातार छात्रावास व अन्य जगहों पर बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही है जिसे रोकने में सरकार नाकाम रही है। अधिकतम मामलो में सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगता रहा है। आदिवासियों का आरक्षण छीनने साजिश क्यों ? 

विष्णुदेव साय ने कांग्रेस को जनजाति हित विरोधी सरकार बताते हुए कहा कि आरक्षण भाजपा की सरकार ने आदिवासी समाज का आरक्षण 20 से 32 प्रतिशत किया और भाजपा सरकार में लगातार इसका लाभ आदिवासी समाज को मिलता रहा कांग्रेस सरकार जानबूझ कर यह केस हाई कोर्ट में हारी और आरक्षण के विरुद्ध याचिका लगाने वालो को पुरस्कृत किया राज्य मंत्री बनाया।आज भी आरक्षण का लाभ ठीक तरीके से आदिवासी समाज को नहीं मिल रहा है,और  कांग्रेस सरकार की वजह से कई भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हुई है।

स्वागत उद्बोधन जिला मंत्री और आदिवासी युवा नेता इंदर भगत ने किया। प्रेसवार्ता के दौरान , भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, आदिवासी नेता एवं पूर्व सांसद कमलभान सिंह, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह, पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह, संतोष दास, रूपेश दुबे, पूरन टेकाम, संतोष द्विवेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट