सरगुजा

मामूली विवाद पर बेटों ने की पिता की हत्या, नाबालिग समेत 2 पकड़ाए
24-Jul-2023 8:43 PM
मामूली विवाद पर बेटों ने की पिता की हत्या, नाबालिग समेत 2 पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 24 जुलाई।
मामूली विवाद पर धारदार हथियार से वार कर दो बेटों ने अपने पिता की हत्या कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दोनों बेटों को पकड़ लिया है।

घटना अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम कांतिप्रकाशपुर की है, जहां आज पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव घर पर पड़ा हुआ। सूचना मिलते ही तत्काल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां रहने वाले कल्लू बखला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।

 आसपास और परिजनों से पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि मृतक कल्लू बखला की पत्नी की पूर्व में मौत हो चुकी थी, जिससे उसके दो बच्चे थे। पूर्व पत्नी की मौत के बाद कल्लू ने दूसरी शादी कर ली थी, जिससे उसके तीन बच्चे थे, वहीं मृतक कल्लू बखला अपने बच्चों के साथ कांतिप्रकाशपुर में रहता था। 

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई की शाम को कल्लू बखला घर में सब्जी बनाकर रखा था, देर रात मृतक के दोनों बेटे आकर खुद ही खाना निकालकर खा रहे थे। इस दौरान पिता से आपसी विवाद होने पर मृतक के दोनों बेटे नाराज होकर घर में रखे फावड़ा और टंगिया से पिता के सिर में वार कर दिए, जिससे पिता मौक़े पर ही बेहोश हो गया और हॉस्पिटल ले जाने पर डॉक्टर द्वारा द्वारा उसकी मृत्यु हो जाना बताया गया। विवेचना दौरान एक नाबालिग सहित एक अन्य आरोपी की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया।

आरोपी ने अपना नाम विकाश उफऱ् नन्नू बखला (20 वर्ष) कांतिप्रकाशपुर का होना बताया। आरोपियों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर पिता से आपसी विवाद होने पर नाराज होकर फावड़ा एवं टंगिया से वार कर हत्या करना स्वीकार किया गया। 

आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह एवं अन्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेजा गया है। 


अन्य पोस्ट