सरगुजा

कर्क रेखा के ऊपर से सूर्य के गुजरने के कारण बना नो शैडो, सूर्य लम्बवत चमका
21-Jun-2023 7:43 PM
कर्क रेखा के ऊपर से सूर्य के गुजरने के कारण बना नो शैडो, सूर्य लम्बवत चमका

  सरगुजा क्षेत्र के लिए 21 जून का दिन 13 घंटे 33 मिनट 46 सेकंड का हुआ  
बलरामपुर जिला के पस्ता गांव के पास से गुजरती है कर्क रेखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 जून।
सरगुजा के बलरामपुर जिला अंतर्गत पस्ता गांव में आज दोपहर 12 बजे का वक्त नो शैडो का दिन रहा, क्योंकि पस्ता गांव में कर्क रेखा गुजरती है और इसके ऊपर से सूर्य के गुजरने के कारण जो भी सीधी खड़ी वस्तु रही, वह दोपहर 12 बजे शैडो (परछाई) के रूप में दिखाना बंद हो गया तो इसको आज के दिन को नो शैडो का दिन कहा गया। इसके साथ ही आज का दिन उत्तरी गोलार्ध के लिए लंबी अवधि का दिन हुआ, जिसके चलते अंबिकापुर सहित सरगुजा क्षेत्र के लिए आज का दिन 13 घंटे 33 मिनट 46 सेकंड का हुआ। 

सरगुजा संभाग भौगोलिक दृष्टिकोण से बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि इस क्षेत्र से कर्क रेखा गुजरती है, साथ ही इंडिया की स्टैंडर्ड टाइमलाइन भी यहीं से गुजरती है।

मौसम जानकार अक्षय मोहन भट्ट ने बताया कि आज 21 जून को जब सूर्य कर्क रेखा के ठीक ऊपर है, तब हमने दिन के 12 बजे ‘नो शैडो’ पाने के लिए एक छोटा प्रयोग किया।  अम्बिकापुर से 30 से 35 किमी की हवाई दूरी पर उत्तर की ओर बलरामपुर जिले के पस्ता गांव के पास से कर्क रेखा गुजरती है।

वास्तव में आज यथार्थ रूप से नो शैडो की घटना आज 21 जून को ठीक कर्क रेखा पर है जो अम्बिकापुर के नजदीक बलरामपुर जिले के पस्ता ग्राम से होते हुए लटोरी के पास भैसामुंडा, कोरिया के पटना ग्राम के पास से गुजरती है।

आज सूर्य उत्तरी गोलार्ध पर 23.5 के अक्षांस पर अपने पथ के अंतिम छोर पर है। अब यह क्रमश: दक्षिण दिशा की ओर बढ़ेगा। अर्थात पृथ्वी जो अपनी धुरी पर 23.5 डिग्री के कोण पर झुकी हुई घूर्णन और सूर्य का परिभ्रमण कर रही है उसका उत्तरी छोर अब सूर्य से दूर होता जाएगा। आप इसे इस तरह समझ सकते हैं कि आज पस्ता गांव के ऊपर सूर्य एकदम लम्बवत चमक रहा है,अब वह दक्षिण की ओर बढ़ता हुआ अगले कुछ दिन में राजपुर, फिर बरियों और फिर अम्बिकापुर के बाद लखनपुर की ओर अलग अलग तिथियों को लम्बवत होता जाएगा और उन जगहों में नो शैडो की घटना होती जाएगी।

1 या 2 जुलाई को अंबिकापुर में नो शैडो की घटना घटेगी
मौसम जानकार अक्षय मोहन भट्ट ने बताया कि अगले 1 या 2 जुलाई को सूर्य अम्बिकापुर के ऊपर लम्बवत होगा, हम उस दिन देखेंगे कि सूर्य की चमक रेखा विचलित नहीं होगी और सटीक नो शैडो की घटना अम्बिकापुर में घटेगी।

आज की घटना की मुख्य विशेषता यह है कि आज उत्तरी गोलार्ध में सबसे लंबी अवधि का दिन है,जो वर्ष में एक ही बार ग्रीष्म आयनात को होता है। आज उत्तरी ध्रुव वृत पर दिन की अवधि 24 घण्टे मतलब वहां सूर्यास्त नहीं होगा, जबकि दक्षिणी ध्रुव पर इसका उल्टा होगा,वहां आज सूर्योदय नहीं होगा।


अन्य पोस्ट