सरगुजा

भाई बहन संग मौसी के घर पहुंचे महाप्रभु जगन्नाथ रथ खींचने व पूजा-अर्चना करने उमड़े भक्त
20-Jun-2023 8:15 PM
भाई बहन संग मौसी के घर पहुंचे महाप्रभु जगन्नाथ रथ खींचने व पूजा-अर्चना करने उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अम्बिकापुर, 20 जून।
महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी अपनी बहन सुभद्रा व बड़े भाई बलराम के साथ आज रथ पर सवार होकर अपनी मौसी के घर जाने के लिए निकले। इस दौरान स्थानीय जगन्नाथ मंदिर में रथ खींचने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी।

विदित हो कि प्रतिवर्ष आषाढ़ माह की शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाती है। मान्यता है कि अपनी बीमारी से ठीक होने के बाद इसी दिन भगवान जगन्नाथ अपने भाई व बहन के साथ अपनी मौसी के घर 9 दिनों तक रहने के लिए गए थे। 

इस वर्ष भी केदारपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा के लिए तैयारियां की जा रही थी। उत्कल समाज व श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों बलराम दास, अशोक सामल, अनिल कंसारी, विकास तिवारी, मनोज कंसारी, कृष्णा कंसारी, देवनाथ कंसारी, चंदन कंसारी, आनंद कुशवाहा, राघवेन्द्र सिंह, विशाल कुशवाहा व अन्य सदस्यों द्वारा रथयात्रा को भव्य रूप प्रदान करने के लिए इस बार दो शैला नर्तक दलों के साथ ही अन्य नर्तक समूहों को भी बुलाया गया था तथा मंदिर की सजावट कराई गई थी। इस दौरान मोहल्ले वासियों व नगर के भी अन्य जगन्नाथ महाप्रभु के भक्तों ने यथा संभव सहयोग दिया।

सभी तैयारियों के बाद आज विधी विधान से मंदिर में छेरापहरा की पूजा की गई जिसे डॉ. राजेन्द्र प्रसाद परीड़ा व उनकी पत्नी डॉ. भावना परीड़ा ने जजमान बनकर सम्पन्न किया। इसके उपरांत बाहुगुड़ी रथ पूजा की गई तदोपरांत मंदिर परिसर को प्रतीकात्मक रूप से स्वर्ण झाडू़ से साफ कर  भगवान की मूर्तियों को बाहर लाया गया। इस दौरान महाप्रभु के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में मंदिर के भीतर व पूरे परिसर में लोगों की भीड़ लगी हुई थी।

भगवान जगन्नाथ सहित उनके भाई-बहन को भी रथ में बैठाकर अन्य अनुष्ठानों को पूरा कर भक्तों  ने रथ को खींचना प्रारंभ किया जिसके बाद रथ यात्रा प्रारंभ हुआ। इस दौरान रथ की रस्सी को छूने के लिए ही लोगों में होड़ मची रही। मार्ग में हर कोई रस्सी को मात्र छूना भी अपना सौभाग्य समझ रहा था रथ के पीछे प्रसाद बांटते हुए वाहन को चलाया जा रहा था।

यह रथ यात्रा जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर जोड़ापीपल मार्ग से चौपाटी के पास पहुंचकर पुराने जगन्नाथ मंदिर के पास कुछ समय के लिए रूकी थी यहां से फिर रथ को आकाशवाणी चौक, गांधी चौक, घड़ी चौक, संगम चौक होते हुए राममंदिर ले जाया गया जहां पर आधा घंटा का विश्राम किया गया। 

विश्राम उपरांत रथ को जयस्तंभ चौक, महामाया चौक, संगम चौक होते हुए देवीगंज मार्ग से सरस्वती शिशु मंदिर के पास स्थित दुर्गा बाड़ी तक लाया गया, जहां पर महाप्रभु जगन्नाथ सहित उनके भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा की मूर्तियों को उतारा गया।

अगले 9 दिनो तक भगवान मौसी के घर पर ही रहेंगे और जगन्नाथ मंदिर के पंडित बैकुंठनाथ पंडा वहीं उनकी सेवा व पूजा करेंगे। इन नौ दिनों तक दुर्गा मंदिर में प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जगन्नाथ मंदिर के पट बंद रहेंगे। नवें दिन भगवान जगन्नाथ अपने घर वापस आने के लिए निकलेंगे 28 जून को पुन: रथ पर बैठाकर भगवान व उनके भाई-बहन को गांधीचौक  रिंगरोड से मिशन चौक होते हुए वापस मंदिर लाया जाएगा।


अन्य पोस्ट