सरगुजा

अपहरण मामले में चल रही थी पूछताछ, पुलिस चौकी के अंदर ही पीडि़त के भाई ने अपहरणकर्ता के साथ की मारपीट
15-Jun-2023 8:58 PM
अपहरण मामले में चल रही थी पूछताछ, पुलिस चौकी के अंदर ही पीडि़त के भाई ने अपहरणकर्ता के साथ की मारपीट

वीडियो फैली, अपहरण मामले में 4 गिरफ्तार, मारपीट की जांच जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,15 जून।
सरगुजा जिले के रघुनाथ नगर पुलिस चौकी के अंदर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल होने के बाद हडक़ंप मचा हुआ है। हालांकि पुलिस अधिकारी उक्त मामले में जांच की बात कह रहे हैं। 

दरअसल, अपहरण के मामले में चौकी के अंदर पुलिस पीडि़त से पूछताछ कर रही थी। बताया जा रहा है कि उसी दौरान पीडि़त का भाई वहां आरोपी से मारपीट करने लगा।

रघुनाथपुर चौकी प्रभारी के अनुसार ग्राम बटवाही के 34 वर्षीय एक युवक को ग्राम सिकिलमा के 4 लोगों के द्वारा अपहरण किए जाने की बात सामने आने पर रघुनाथपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त चार लोगों को पकड़ लिया। उक्त मामले को लेकर पुलिस पीडि़त से चौकी के अंदर पूछताछ कर रही थी। 

वायरल वीडियो में देखा गया है कि पूछताछ के दौरान भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी चौकी के अंदर थी। उसी दौरान पीडि़त का भाई उग्र हो गया और एक अपहरणकर्ता के साथ चौकी के अंदर ही मारपीट करना शुरू कर दिया। 

पुलिस चौकी प्रभारी के अनुसार अपहरण के मामले में तो अपराध दर्ज कर लिया गया है, जहां तक चौकी के अंदर मारपीट का सवाल है, उसकी जांच की जा रही है। उक्त मामले में भी कार्रवाई की बात चौकी प्रभारी ने कही है।


अन्य पोस्ट