सरगुजा

बांध में नहाने गए नाबालिग की डूबने से मौत
08-Jun-2023 8:29 PM
बांध में नहाने गए नाबालिग की डूबने से मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 8 जून।
अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए बांध गए 14 वर्षीय किशोर की नहाने के लिए कूदने के बाद डूबने से मौत हो गई।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लुण्ड्रा थाना अंतर्गत ग्राम बकनाकला निवासी 14 वर्षीय अनुराग सिंह पिता हरिवंश सिंह कल सुबह 9 बजे घर से गांव के अन्य बच्चों के साथ निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं आया। दोपहर से ही उसके परिवार के लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे। शाम को 7.30 बजे उसके साथ गए बच्चों ने परिजनों को बताया कि वह सब अनुराग के साथ कुंदी बांध में नहाने के लिए गए थे और उपर से बांध में कूद गए। अन्य सभी बच्चे तो उपर आ गए परन्तु अनुराग बाहर नहीं आया।

यह सुनते ही परिजनों की हालत खराब हो गई। परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ बांध के पास गए तो वहां पर किनारे में अनुराग का कपड़ा पड़ा हुआ मिला। जिसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर लुण्ड्रा पुलिस की टीम व एसडीआरएफ के जवान बांध में पहुंचे। बांध की गहराई काफी अधिक होने व रात हो जाने के कारण रात में खोजबीन नहीं की जा सकी। 

आज सुबह पुन: पुलिस व एसडीआरएफ की टीम बांध के पास पहुंची जिसके बाद गोताखोरों ने बांध में उतरकर तलाशी अभियान प्रारंभ किया। थोड़ी देर तलाशी के बाद बांध से किशोर का शव बरामद किया गया। जैसे ही शव का पानी से बाहर लाया गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 

लुण्ड्रा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया व शव को पीएम के लिए भिजवा दिया है। इस घटना से गांव में मातम पसर गया है।


अन्य पोस्ट