सरगुजा

तालाब में कूद कर वृद्धा ने की खुदकुशी
24-May-2023 8:15 PM
तालाब में कूद कर वृद्धा ने की खुदकुशी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 मई।
एक वृद्धा ने नेहरू वार्ड स्थित करसू तालाब में कूद कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर निगम के कर्मचारी की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान दर्रीपारा निवासी रामरति के रूप में की गई। 

परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह अचानक रात करीब 2 बजे घर से निकल गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार 65 वर्षीय रामरति पति स्व. देवसाय मुंडा शहर के दर्रीपारा की रहने वाली थीं। वह मंगलवार की रात करीब 2 बजे अचानक घर से निकल कर कहीं चली गई थी। जानकारी होने पर परिजनों ने रात में ही उसकी तलाशी शुरू कर दी, पर कहीं पता नहीं चला। 

बुधवार की सुबह भी परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इधर, रामरति सतिपारा स्थित करसू तालाब के पास पहुंची और कूद गई। करसू तालाब के पास की ही एक 8 वर्षीय बच्ची ने महिला को तालाब में कूदते दिखी। बच्ची ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों की दी। लोग देखने के लिए तालाब के किनारे पहुुंच गए, पर महिला का पता नहीं चल रहा था। 

लोगों ने घटना की जानकारी वार्ड के पार्षद को दी। पार्षद ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर एएसआई पुष्पा तिर्की महिला प्रधान आरक्षक के साथ मौके पर पहुंची और नगर निगम के कर्मचारी की मदद से शव को बाहर निकलवाया। 

नगर निगम के कर्मचारी ने ही मृतका की पहचान दर्रीपारा निवासी के रूप में की। इसके बाद महिला के परिजन को बुलाया गया और पुलिस द्वारा शव का पंचनामा और पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया गया।


अन्य पोस्ट