सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 20 मई। धान खरीदी उपकेंद्र पुहपुटरा में अनियमितता एवं गबन का मामले में सरगुजा पुलिस ने तीसरे फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा मे भेजा गया था। आरोपी के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद किया गया।
प्रार्थी कमल नयन पाण्डेय जिला सहकारी केंद्रीय बैंक लखनपुर ने थाना लखनपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि धान खरीदी उपकेंद्र पुहपुटरा में समिति प्रभारी संजय राजवाड़े, देवरूप राजवाड़े, ताराचंद राजवाड़े एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा धान खरीदी में अनियमितता बरतते हुए 1550 क्ंिवटल धान कुल किमती 3162000 रुपय का धान समिति से गबन किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सदर धारा 420, 409, 120 (बी) भा.द.स. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला,अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर मामले में आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था।
गबन में शामिल तीसरे आरोपी ताराचंद राजवाड़े रजपुरी लखनपुर घटना दिनांक से ही फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने आरोपी के पता तलाश हेतु मुखबिर तैनात किए थे, जो मुखबिर सुचना पर आरोपी ताराचंद राजवाड़े की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया। आरोपी ने धान खरीदी उपकेंद्र पुहपुटरा मे धोखाधड़ी कर गबन किया जाना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
मामले में पूर्व में आरोपी संजय राजवाड़े एवं देवरूप राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था, आरोपी ताराचंद राजवाड़े के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया गया है।