सरगुजा

सीएम से अघोषित बिजली कटौती व बिल वसूलने की शिकायत, सौंपा ज्ञापन
20-May-2023 8:04 PM
सीएम से अघोषित बिजली कटौती व बिल वसूलने की शिकायत, सौंपा ज्ञापन

सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष ने अफसरों पर की कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर, 20 मई।
अघोषित विद्युत कटौती एवं अत्यधिक विद्युत देयक वसूली किये जाने संबंधी जन शिकायत को लेकर अपेक्स बैंक के संचालक व सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अजय बंसल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और संबंधित अधिकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में श्री बंसल ने बताया कि विगत कई माह से सरगुजा संभाग के शहरी तथा ग्रामीण इलाकों में आम जनता द्वारा अघोषित विद्युत कटौती तथा अनाप-शनाप मनमानी विद्युत देयक बिल की वसूली विद्युत विभाग द्वारा किये जाने की शिकायतें लगातार मिल रही है। जिससे छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी बिजली बिल हॉफ योजना का समुचित लाभ प्रदेश की आम जनता को नहीं मिल पा रहा है। जिन किसानों के पास विद्युत कनेक्शन ही नहीं है उनके पास भी हजारो-हजार रूपये का विद्युत देयक भेजकर उन्हें परेशान किया जा रहा है, जिससे गरीब किसानों में भारी आक्रोश है। छत्तीसगढ़ विद्युत सरप्लस राज्य होने के बावजूद कतिपय अधिकारियों द्वारा ऐसी स्थिति निर्मित कर राज्य सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

 श्री बंसल ने इसका समुचित निदान तथा संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही करने की मांग मुख्यमंत्री से की है।

भीड़भाड़ वाले इलाके से ट्रांसफार्मर स्थानांतरित कराने की मांग
अपेक्स बैंक संचालक अजय बंसल ने अंबिकापुर नगर के ब्रम्ह रोड मार्ग पर कुमकुम होटल के सामने स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर को चम्बोथी तालाब के पास स्थानांतरित करने की भी मांग मुख्यमंत्री से की है। श्री बंसल ने बताया कि उक्त ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने मोहल्ले वासियों ने कई बार विद्युत विभाग को आवेदन दिया लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण आज दिनांक तक ट्रांसफार्मर स्थानांतरित नहीं किया गया है। ट्रांसफार्मर स्थानांतरित नही ंहोने के कारण उक्त भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जान माल का नुकसान तथा किसी अप्रिय घटना होने के आशंका बनी हुई है।


अन्य पोस्ट