सरगुजा
भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान की तैयारी बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,20 मई। केंद्र की भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान की तैयारी के लिए भाजपा कार्यालय संकल्प भवन अंबिकापुर में जिला कार्यसमिति बैठक हुई।
संगठन की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम विशेष जनसंपर्क अभियान के लोकसभा सह- प्रभारी अजय गोयल के विशिष्ट आतिथ्य तथा वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, विधानसभा प्रभारी अम्बिकापुर रामकृपाल साहू, लुंड्रा विधानसभा प्रभारी शिवनाथ यादव, सीतापुर विधान सभा प्रभारी उपेंद्र यादव, ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा, निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य फुलेश्वरी सिंह, पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केसरी एवं प्रदेश कार्यसमिति हरपाल सिंह भामरा की मौजूदगी में संपन्न हुई।
भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि प्रदेश की जनता अब इस कांग्रेसी सरकार से त्रस्त हो चुकी है, घोटाले पर घोटाला करने वाली यह सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए हम कृतसंकल्पित हैं। आगामी कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह महा संपर्क अभियान कार्यक्रम नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूर्ण होने के मद्देनजर चलाया जाएगा जिसे हम सबको मिलकर पूर्णत: सफल बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महा जनसंपर्क अभियान के लोकसभा सह प्रभारी अजय गोयल ने कहा कि भाजपा संगठन अब चुनावी मोड में आ चुकी है हम सब को भी स्वयं को तैयार कर लेना है, उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर प्रकाश डाला एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पूरे देश में सबसे भ्रष्टतम सरकार है, केंद्र में जब मनमोहन की सरकार थी तब भी भ्रष्टाचार चरम पर था और इस छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने तो भ्रष्टाचार में सारी हदें पार कर दी।
अंबिकापुर विधानसभा प्रभारी रामकृपाल साहू ने बताया कि यह चुनावी वर्ष है और संगठन चुनावी मोड में आ चुकी है। आगे उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार द्वारा गौठान के नाम पर अरबों रुपए के घोटाला किए गए हैं, आगामी कार्यक्रमों में भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गोठानो पर जाएंगे जहां भूपेश सरकार की गोठान घोटाले का पर्दाफाश किया जाएगा।
कार्यसमिति को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों में प्रत्येक तेंदूपत्ता फड़ पर हम सभी को जाना है और भूपेश सरकार द्वारा फड़ पर हो रहे अफरा-तफरी को जनता के बीच लाना है।