सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,20 मई। भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वेदान्त तिवारी ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग परीक्षा 2021 के रिजल्ट को रद्द करने की मांग कर इसे भूपेश सरकार द्वारा प्रदेश के युवाओं के साथ भद्दा मज़ाक़ निरुपित करते हुए कहा कि आयोग के अधिकारियों ने पैसे लेकर अभ्यर्थियों का सलेक्शन किया है। इसके साथ ही सीजीपीएससी के चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी ने अपने बेटे-भतीजे समेत परिवार के कई सदस्यों का बड़े पदों पर चयन कराया है।
वेदान्त तिवारी ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि सीजीपीएससी 2021 भर्ती में हुए घोटाले को लेकर भाजपा ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने उनसे मांग की है कि इस मामले में सीबीआई से निष्पक्ष जांच करवाई जाए। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के चेयरमैन और परीक्षा कंट्रोलर का नार्को टेस्ट भी कराया जाए, जिससे सच सामने आ सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। इससे प्रदेश के लाखों युवा, जो प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें न्याय मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के उत्तर पुस्तिकाओं की एक स्वतंत्र कमेटी बनाकर जांच कराई जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीजी पीएससी 2021 में अंतिम चयन सूची पैसे लेकर बनाई गई है। यह प्रदेश का सबसे बड़ा घोटाला है, जिसमें पीएससी के बड़े अधिकारी के परिवार वालों के नाम टॉप-10 लिस्ट में शामिल हैं।
भाजयुमो नेता वेदांत तिवारी ने कहा कि परीक्षा समिति के सदस्यों के रिश्तेदार एग्जाम नहीं दे सकते, तो फिर चेयरमैन रहते उनके रिश्तेदारों ने कैसे परीक्षा दी?
इस घोटाले के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने लोगों का विश्वास पूरी तरह से खो दिया है। यहां लाखों परीक्षा देने वाले योग्य अभ्यर्थियों के साथ धोखा किया जा रहा है। जिसमें कुछ अधिकारी और कांग्रेस के नेता एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही इन आईएएस अधिकारियों का रिटायरमेंट प्लान है कि वे अपने बच्चों को बड़े पदों पर बैठा दें। पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच सीबीआई से कराने की भाजयुमो नेता ने माँग की है।