सरगुजा

130 एकड़ से अधिक शासकीय भूमि पर कब्जा
18-May-2023 7:45 PM
130 एकड़ से अधिक शासकीय भूमि पर कब्जा

भाजपा-कांग्रेस के नेता सहित 25 पर एफआईआर 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर,18 मई।
सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड में 130 एकड़ से अधिक शासकीय जमीन को अपने नाम में कराने की शिकायत पर जांच में दस्तावेज प्रमाणित तौर पर प्रस्तुत नहीं किए। कलेक्टर के निर्देश पर भाजपा- कांग्रेस के नेता, शासकीय कर्मचारी पटवारी व कानूनगो सहित 25 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

ज्ञात हो कि बतौली तहसील क्षेत्र अंतर्गत 130 एकड़ से अधिक भटको, कालीपुर, करदना की शासकीय जमीन को निजी मद में करने की शिकायत तहसीलदार से ग्रामीणों ने की थी। जिसके बाद सरगुजा कलेक्टर ने एसडीएम की अध्यक्षता में टीम गठित कर जांच के लिए कहा गया था। 

इस जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि जिन लोगों के नाम पर शासकीय जमीन को अपने नाम में चढ़ाया गया है, इनके पास कोई दस्तावेज प्रमाणित तौर पर प्रस्तुत नहीं करने पर 25 से अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। जिसमें  भूपेंद्र यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, भाजपा नेता अमित गुप्ता, कांट्रैक्टर जयस  गुप्ता सहित शासकीय कर्मचारी पटवारी व कानूनगो सहित 25 अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच में पुलिस जुट गई है। 

सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि जिन लोगों के द्वारा शासकीय जमीन को अपना जमीन बताकर धान समिति में धान की बिक्री की गई है,उनसे धान की राशि भी वसूली जाएगी। वहीं सभी आरोपी अब भी फरार है।


अन्य पोस्ट