सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर,13 मई। शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय सीतापुर सरगुजा छत्तीसगढ़ के रसायन शास्त्र विभाग द्वारा एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक मध्यप्रदेश के रसायन शास्त्र विभाग में एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों को संस्था के प्राचार्य प्रोफेसर शाशिमा कुजुर के मार्गदर्शन एवं रसायन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रोहित कुमार बरगाह के नेतृत्व में किया गया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक के रसायन शास्त्र विभाग के विभिन्न शोध प्रयोगशाला के रूप में कार्बनिक, अकार्बनिक, इंस्ट्रूमेंटल लैब एवं सेंट्रल इंस्ट्रुमेंटल फैसिलिटी लैब के विभिन्न उपकरणों के कार्य प्रणाली को लैब प्रभारी डॉ. आनंद द्वारा जानकारी दी गई ।
एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए यह शैक्षणिक भ्रमण निश्चित ही आगे की शोध कार्य में सहायक सिद्ध होगी। रसायन विभाग के प्रोफेसर विश्वजीत माजी, डॉ सुब्रत जाना , डॉ खेमचंद देवांगन एवं फैकेल्टी आफ साइंस के डीन प्रोफेसर भूमि नाथ त्रिपाठी जिन्होंने भ्रमण के लिए अनुमति दिलाई ,सभी का विशेष सहयोग रहा। साथ ही सभी विद्वान प्राध्यापकों द्वारा रसायन शास्त्र संबंधित विशेष जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान किए। विश्वविद्यालय का कैंपस छात्र-छात्राओं को बहुत शैक्षणिक दृष्टि से आनंददायी रहा। रसायन विभाग के विद्यार्थियों ने अमरकंटक के विभिन्न दार्शनिक पर्यटन स्थल जैसे नर्मदा कुंड, नर्मदा माता मंदिर का दर्शन, कपिलधारा ,दुधधारा , अद्भुत जैन मंदिर तथा अन्य धार्मिक जगहों का भ्रमण किए। अचानकमार टाइगर रिजर्व का मनोरम दृश्य निश्चित ही अलौकिक एवं आकर्षक रहा।
रसायन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रोहित कुमार बरगाह ने बताया कि सरगुजा अंचल के विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार का शैक्षणिक भ्रमण निश्चित ही उसे आगे बढऩे एवं शोध के क्षेत्र में प्रेरणादायक सिद्ध होगी।