सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,29 अप्रैल। सीतापुर और लुण्ड्रा एकलव्य स्कूल में टीबी जागरूकता कार्यक्रम किया गया। जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता के मार्गदर्शन में टीबी जागरूकता अभियान के तहत् सीतापुर और लुण्ड्रा के बच्चों एवं शिक्षकों को टीबी के फैलने के कारण, बचाव, जांच की सुविधा एवं उस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों को शेयर करने के बारे में बताया गया। जिससे कि हम अपने जिले को टीबी मुक्त बनाने में सहयोग कर सकें।
पीरामल टीम महेंद्र कुमार तिवारी के द्वारा यह जागरूकता कार्यक्रम किया गया। साथ ही दोनों स्कूलों के प्राचार्य मनोज वर्मा एवं एस. के. यादव का भरपूर सहयोग मिला और यह आश्वासन दिया कि आपके द्वारा बताई गई जानकारी को हम अपने बच्चों को बीच-बीच में जानकारी देते रहेंगे।
साथ ही किसी बच्चे में टीबी के लक्षण दिखाई देते हैं तो हमारे स्टाफ नर्स के द्वारा खंखार की जांच करवाने और डॉक्टर के द्वारा इलाज भी सुनिश्चित किया जाएगा।
सरस्वती विश्वकर्मा के द्वारा दोनों स्कूलों में प्राचार्य सहित शिक्षकों और सभी बच्चों को टीबी मुक्त देश बनाने के लिए शपथ भी दिलाई गई। जिसमें दोनों स्कूलों में बच्चों की संख्या लगभग 250 थी। बच्चों ने पीपीटी के माध्यम से देख कर टीबी के लक्षण, जांच, उपचार को बहुत ही अच्छे तरीके से समझा और दूसरों को भी समझाने की बात कही।