सरगुजा

भ्रष्टाचारियों पर होगी कार्रवाई, जाएंगे जेल-रेणुका सिंह
29-Apr-2023 8:27 PM
भ्रष्टाचारियों पर होगी कार्रवाई, जाएंगे जेल-रेणुका सिंह

मामला बलरामपुर में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम में अनियमितता का
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर, 29 अप्रैल।
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने बैठक में कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया है। इसका जीवंत उदाहरण बलरामपुर जिले का शंकरगढ़ जनपद पंचायत है, जहां के जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सरपंचों ने जनपद के अधिकारियों पर भारत सरकार की महत्वकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। 

जिस पर संज्ञान लेते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने बलरामपुर जिले के राजपुर और शंकरगढ़ का दौरा किया। इस दौरान सरपंचों ने एकजुट होकर जनपद के अधिकारियों भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है।

 श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी जनजातीय समाज के विकास के लिए संकल्पित हैं। जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी ने जनजातीय कार्य मंत्रालय के माध्यम से जनजातीय बहुतायत ग्रामों के विकास के लिए पीएम आदि आदर्श ग्राम योजना की शुरूआत की है। यदि इसमें कोई भ्रष्टाचार करता है तो उसे माफ नहीं जाएगा। भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा। 

बैठक में रेणुका सिंह ने कहा कि सबसे पहले ग्राम के बाद जिला के बाद प्रदेश और देश जिसके निर्माण के लिए हम सभी संकल्पित है, केवल नरेंद्र मोदी जी ने इस देश को विकसित करने और सुधारने का ठेका नहीं ले रखा है उसमें हम सब की महती जिम्मेदारी है चाहे वह अधिकारी हो, कर्मचारी हो, नेता हो पंच हो, सरपंच हो जनपद और जिला का क्षेत्र हो एक-एक व्यक्ति यदि अपने साथ मन से मापदंडों के आधार पर काम को क्रियान्वित करेगा तभी कमर कस लें और ईमानदारी के साथ उस पर काम करें।


अन्य पोस्ट