सरगुजा
अंबिकापुर,26 अप्रैल।स्वर्णकार भवन कैलाश मोड में सरगुजा युवा स्वर्णकार समाज के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया,जिसमें पूर्व सरगुजा स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष व संरक्षक अखिलेश सोनी एवं वर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र सोनी के मुख्य अतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अखिलेश सोनी ने कहा कि स्वर्णकार समाज में बड़े-बड़े शोरूम मालिक के साथ सर्वाधिक संख्या कारीगर, गरीब तबकों का है। यहां तक की बड़े-बड़े शहरों में जितने भी ज्वेलरी शोरूम हैं। उनके मालिक स्वर्णकार नहीं है अर्थात अधिक संख्या मजदूर वर्ग के हैं। इन कमजोर वर्ग के बीच जाकर उन्हें सहायता, सबलता प्रदान कर संगठित करें, तभी समाज मजबूत होगा। इसे ध्यान में रखकर मध्य प्रदेश सरकार स्वर्ण कला बोर्ड स्थापना की घोषणा की है। ऐसा छत्तीसगढ़ सरकार में भी होना चाहिए। स्वर्णकार समाज द्वारा यह मांग आवश्यक है। यह कार्य युवाओं के बिना सहभागिता के संभव नहीं है।
सरगुजा स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राजेंद्र सोनी ने कहा कि स्वर्णकार समाज के प्रत्येक घर संपर्क बनाकर महिला एवं युवा टीम के साथ समाज को सुदृढ़ व सशक्त बनाएंगे।अधिवक्ता डी.के. सोनी ने कहा कि समाज के बुद्धिजीवी वर्ग व युवाओं के साथ प्रत्येक परिवार में संपर्क बनाकर सर्वप्रथम सर्वे कार्य कराया जाएगा जिसके बाद जल्द ही हम एक विशाल स्वर्णकार समाज का सम्मेलन करेंगे।समाज के वरिष्ठ जन मुद्रिका सोनी रामचंद्र सोनी शालिग्राम सोनी राजेश सोनी अखिलेश सोनी नगला ने भी संबोधित किया।
सरगुजा युवा स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष जितेंद्र सोनी ने अपने कार्यकारिणी की घोषणा की।